बिहार की राजधानी पटना का कोचिंग जगत इस वक्त एक ऐसी कानूनी लड़ाई का गवाह बन रहा है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। शिक्षा जगत के दो नामी चेहरों—खान सर (फैसल खान) और ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग के संचालक रोशन आनंद—के बीच चल रहा विवाद अब पूरी तरह अदालती जंग में बदल चुका है। पटना सिविल कोर्ट से आए दो बड़े फैसलों ने इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। कोर्ट के रुख से यह साफ हो गया है कि फिलहाल खान सर सलाखों के पीछे नहीं जाएंगे, जबकि उनके विरोधी रोशन आनंद को अभी जेल में ही वक्त बिताना होगा। इस अदालती आदेश के बाद पटना के छात्र बाजार और कोचिंग गलियारों में सस्पेंस और चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है।
रोशन आनंद की बेल अर्जी खारिज, बेऊर जेल ही रहेगा ठिकाना
इस पूरे विवाद की शुरुआत बीते 2 जून की रात को हुई थी, जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इस हमले के पीछे प्रतिद्वंद्वी कोचिंग ‘ज्ञान बिंदु’ के डायरेक्टर रोशन आनंद का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए अगले ही दिन यानी 3 जून को उन्हें गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया। जेल से बाहर आने के लिए रोशन आनंद ने कोर्ट में रेगुलर बेल (सामान्य जमानत) की गुहार लगाई थी। अदालत में सुनवाई के दौरान सरकारी वकील (अभियोजन पक्ष) ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया। जज साहब ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रोशन आनंद की जमानत याचिका को नामंजूर कर दिया, जिससे उनके खेमे को बड़ा झटका लगा है।
खान सर को मिली बड़ी कानूनी राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
जहां एक तरफ रोशन आनंद को मायूसी हाथ लगी, वहीं दूसरी तरफ खान सर के लिए राहत भरी खबर आई। दरअसल, इस मामले में पटना पुलिस ने खुद खान सर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी बेहद संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रखा था। गिरफ्तारी के डर से फैसल खान (खान सर) ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की। पटना जिला अदालत ने इस पर सुनवाई करते हुए सुबह ही खान सर की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी। इस फैसले का मतलब है कि पुलिस फिलहाल उन्हें अरेस्ट नहीं कर सकती, हालांकि उनकी जमानत पर कोर्ट में अंतिम बहस और कानूनी प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
‘वो 4 दिन से गायब हैं तो पुलिस चुप क्यों?’ – ज्ञान बिंदु का फूटा गुस्सा
अदालत के इन दो अलग-अलग फैसलों के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के लोग काफी नाराज हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संस्थान के एक शिक्षक वरुण ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब रोशन आनंद को पकड़ना था, तब तो पुलिस ने कुछ ही घंटों में तत्परता दिखाई, लेकिन खान सर पिछले चार दिनों से कथित रूप से फरार हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। ज्ञान बिंदु पक्ष का कहना है कि खान सर से अब तक पूछताछ भी नहीं की गई है। इस बीच, ज्ञान बिंदु सेंटर के शिक्षकों ने पटना पुलिस से मांग की है कि खान सर को मिली इस अंतरिम राहत के खिलाफ सरकारी वकील तुरंत हाई कोर्ट में अपील दायर करें।
Read more-प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा क्या पूछा गया कि भड़क उठी हरमनप्रीत कौर? कहा ‘आप चाहते हो कि मैं…’








