9 लोग जिंदा जले, 11 लोगों की मौत… ट्रक की ब्रेक फेल होने से आपस में भिड़े 4 वाहन, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

Mirzapur Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रीवा–मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी एक बार फिर खौफनाक सड़क हादसे का गवाह बनी। बुधवार रात करीब 8:30 बजे मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक जैसे ही खतरनाक ढलान पर पहुंचा, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। नियंत्रण खोते ही ट्रक तेज रफ्तार में सामने चल रही बोलेरो से जा टकराया और उसे घसीटते हुए आगे गिट्टी लदे ट्रक में भिड़ा दिया। इसके बाद पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने भी संतुलन खो दिया, जिससे सड़क पर कुछ ही सेकंड में चार वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। यह हादसा इतना भीषण था कि पूरा हाईवे आग, धुएं और चीख-पुकार के मंजर में बदल गया।

9 लोगोंं की जिंदा जलकर मौत

हादसे का सबसे दर्दनाक दृश्य बोलेरो वाहन में देखने को मिला, जो टक्कर के तुरंत बाद आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन के अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही पलों में बोलेरो एक जलते हुए लोहे के पिंजरे में बदल गई। इस भयावह घटना में 9 लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य कार सवार और एक ट्रक चालक की भी जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 11 हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचाव कार्य शुरू करने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे सब बेबस नजर आए।

 मैहर धाम से लौट रहा था परिवार 

पुलिस जांच में सामने आया है कि बोलेरो में सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के रहने वाले थे। ये सभी लोग मैहर धाम में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। किसी को यह अंदाजा नहीं था कि आस्था और श्रद्धा की यह यात्रा उनकी जिंदगी की अंतिम यात्रा बन जाएगी। हादसे के बाद गांवों में कोहराम मच गया है और हर घर में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं परिजनों को सूचना देने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। कई परिवार एक साथ उजड़ जाने से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

 पीएम मोदी नें किया मुआवजे का ऐलान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की, लेकिन तब तक भारी जानमाल का नुकसान हो चुका था। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है, जबकि प्राथमिक कारण ब्रेक फेल बताया जा रहा है।

Read More-विदाई के बीच अचानक हमला: एक आवारा कुत्ते ने मचाया ऐसा कहर, 60 से अधिक लोग हुए घायल

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img