समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। बीजेपी के ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कमल मुरझा गया है, इसलिए उसे खिलाने की बात की जा रही है। अखिलेश ने नेताजी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों की मदद की। समाजवादी पार्टी भी उनके विचारों पर चलते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। इस दौरान उन्होंने सरकार की टैबलेट योजना पर भी सवाल उठाए और कहा कि पुराने टैबलेट से सेल्फी लेने की बात करना मजाक जैसा है।
विकास और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा, स्वास्थ्य सुविधाओं का किया वादा
अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर विकास के नाम पर सिर्फ प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने वेलनेस सिटी का जिक्र करते हुए तंज कसा कि परियोजना तो नहीं बनी, लेकिन कुछ लोगों ने खुद को जरूर ठीक कर लिया। उन्होंने सड़क हादसों और गोरखपुर की घटनाओं को लेकर भी सरकार से सवाल किए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के मामलों में जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है। गोरखपुर रोड शो के दौरान बच्चे की मौत पर उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ भेदभाव होने का आरोप भी लगाया। साथ ही ऐलान किया कि सपा की सरकार बनने पर डॉक्टरों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पीएचसी-सीएचसी में वेतन संबंधी समस्याओं को दूर किया जाएगा।
2027 चुनाव को लेकर अखिलेश का बड़ा दावा
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगेगा और गोरखपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य बनाकर मेहनत करने की सलाह दी और कहा कि सरकार बनने पर PDA वर्ग के लोगों को भी कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसके अलावा बुनकरों को सुविधाएं देने और बंद किए गए स्कूलों को दोबारा शुरू कराने की बात कही। कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव ने भी मुलायम सिंह यादव के योगदान को याद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेताजी के सपनों को पूरा करने और एकजुट होकर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए मेहनत करने की अपील की।







