W W W W… डेब्यू मैच में ही जमशेद आलम ने लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर मचाया गदर, भारत को मिला नया फ्यूचर स्टार!

Jamshed Alam: क्रिकेट में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो अपने पहले ही मुकाबले से सबका ध्यान खींच लेते हैं। रेलवे के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने भी कुछ ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ टी20 डेब्यू करते हुए उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट हासिल किए। इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में 23 वर्षीय गेंदबाज ने अपनी धारदार गेंदबाजी से सौराष्ट्र के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। खास बात यह रही कि जमशेद का यह टी20 प्रारूप में पहला मुकाबला था।

चौथे ओवर में लगातार चार बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन

जमशेद आलम ने अपने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर हार्विक देसाई को कैच आउट कराया। इसके बाद प्रेरक मांकड़ को बोल्ड करके दूसरा विकेट लिया। पांचवीं गेंद पर रुचित अहिर को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। ओवर की आखिरी गेंद पर समर गज्जर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इस तरह जमशेद ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर मुकाबले का रुख बदल दिया। वह टी20 क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने आगे भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और सिद्धांत राणा को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।

पांच विकेट लेकर बने प्लेयर ऑफ द मैच

रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम जमशेद की घातक गेंदबाजी के सामने दबाव में आ गई। हरवंश पंगालिया ने 61 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। जमशेद ने अपने चार ओवर में 38 रन देकर कुल पांच विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत रेलवे ने यह मुकाबला 29 रन से जीत लिया। जमशेद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यूपी टी20 लीग में भी दिखा चुके हैं अपना दम

जमशेद आलम उत्तर प्रदेश के युवा गेंदबाज हैं और यूपी टी20 लीग में मेरठ मावेरिक्स की तरफ से खेल चुके हैं। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने पहले ही टी20 मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन करके उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत की है। लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का उनका कारनामा लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Read More-IND vs NZ: शतक से सिर्फ 2 रन दूर थे शुभमन गिल, आखिरी ओवर में टूटा सपना; राहुल के शतक से भारत ने पलटा मैच

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img