अखिलेश यादव के सामने BJP नेताओं ने थामा सपा का दामन, मंच से अवधेश चौहान ने कह दिया कुछ ऐसा कि छूट गई हंसी!

UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को बड़ा झटका देने का दावा किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में बीजेपी के कई नेताओं ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इनमें बीजेपी कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व राज्यमंत्री उत्पल राय, गाजियाबाद के ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना और सीतापुर के रेउसा ब्लॉक प्रमुख अवधेश चौहान के नाम प्रमुख हैं। इन नेताओं के सपा में आने को पार्टी के लिए राजनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है। सदस्यता कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने नए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोग समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने के लिए उनके साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने उत्पल राय के नाम का जिक्र करते हुए बीजेपी पर तंज भी कसा। अखिलेश ने कहा कि कमल छोड़कर कमल उनके साथ आ गया है। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ।

अखिलेश का बीजेपी पर तंज, बोले- सीतापुर में भी शून्य होने जा रही पार्टी

सदस्यता कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने नए नेताओं के राजनीतिक प्रभाव का जिक्र करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने अनिल कसाना के क्षेत्र गाजियाबाद और लोनी को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वहां किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। वहीं अवधेश चौहान के सपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि इससे सीतापुर में पार्टी को मजबूती मिलेगी। अखिलेश ने दावा किया कि इस बार बीजेपी सीतापुर में भी शून्य पर पहुंचने जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं ने पहले ही सपा के साथ आने का मन बना लिया था। इस दौरान अखिलेश का अंदाज काफी राजनीतिक और व्यंग्यात्मक नजर आया। उन्होंने नए नेताओं के स्वागत के साथ आगामी चुनाव में सपा की मजबूती को लेकर भी भरोसा जताया।

अवधेश चौहान की फिसली जुबान, अखिलेश यादव को बता दिया बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष

इस पूरे कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा अवधेश चौहान के संबोधन की होने लगी। सपा की सदस्यता लेने के बाद जब वह मंच से अपनी बात रख रहे थे, तभी उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष कहकर संबोधित कर दिया। हालांकि, अपनी गलती का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत बात संभाली और अखिलेश यादव को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कहा। मंच पर मौजूद अखिलेश यादव ने भी इस गलती को सहज अंदाज में लिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पीडीए हैं, गलती हो जाती है। इस दौरान मंच का माहौल हल्का-फुल्का हो गया। अब अवधेश चौहान के इस बयान की चर्चा राजनीतिक गलियारों में हो रही है। बीजेपी छोड़कर सपा में आए नेता से हुई इस चूक ने सदस्यता कार्यक्रम को एक अलग वजह से भी सुर्खियों में ला दिया।

गोरखपुर मामले पर दो दिन बाद बोलेंगे अखिलेश, चुनाव आयोग को लिखेंगे पत्र

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने गोरखपुर से जुड़े मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर वह तत्काल प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे, बल्कि दो दिन के शोक के बाद मीडिया के सामने अपनी बात रखेंगे। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को पत्र लिखने की बात कही। अखिलेश का आरोप है कि पिछले करीब 10 वर्षों से कुछ अधिकारी बीजेपी के पक्ष में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ आयोग को शिकायत भेजी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने पीडीए समाज के वोटों को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। सीटों के राजनीतिक समीकरण पर उन्होंने कहा कि गठबंधन और संभावित जीत के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा। इस तरह एक तरफ बीजेपी नेताओं का सपा में शामिल होना चर्चा में रहा, तो दूसरी तरफ अवधेश चौहान की जुबान फिसलने और अखिलेश के चुनाव आयोग को पत्र लिखने वाले बयान ने यूपी की सियासत को गर्मा दिया।

Read more-मां की चिता ठंडी होने से पहले काम पर लौटे CM योगी, लखनऊ पहुंचते ही संभाली जिम्मेदारी

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img