उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक नारों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा ‘राधे-राधे’ के नारे को लेकर की गई टिप्पणी पर राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने कड़ा रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए इसे आस्था और संस्कृति से जुड़ा विषय बताया है। भाजपा नेताओं के अनुसार, समाज में अभिवादन और भक्ति के लिए उपयोग किए जाने वाले शब्दों पर राजनीति करना उचित नहीं है, जबकि विपक्षी खेमे के बयान को सत्ता पक्ष ने जनता की भावनाओं के विपरीत बताया है।
केशव प्रसाद मौर्य का तीखा हमला, आंखों के इलाज की दी सलाह
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विपक्षी दल को ‘जय श्रीराम’ के नारे से असहजता होती थी और अब ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से भी बेचैनी हो रही है। मौर्य ने स्पष्ट किया कि ब्रज क्षेत्र में लोग एक-दूसरे का हालचाल जानने के लिए ‘राधे-राधे’ कहते हैं और अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ का उद्घोष होता है, जो केवल नारा नहीं बल्कि भक्ति की भावना का प्रतीक है। अखिलेश यादव के तंज का जवाब देते हुए मौर्य ने कहा कि जिन्हें कमल मुरझाया हुआ नजर आ रहा है, उन्हें अपनी आंखों की जांच करानी चाहिए, क्योंकि उन्हें अपनी पार्टी का चुनाव चिह्न दिखाई नहीं दे रहा है।
2027 और 2047 के चुनावों को लेकर किया बड़ा दावा
राजनीतिक बयानबाजी के बीच केशव प्रसाद मौर्य ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली समाजवादी पार्टी का 2027 में सत्ता में लौटने का सपना पूरा नहीं होगा। मौर्य के अनुसार, जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी और वर्ष 2047 तक विपक्ष के सत्ता में आने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में ‘जय श्रीराम’ और ‘राधे-राधे’ दोनों का उद्घोष इसी तरह गूंजता रहेगा और जनता को अपने आराध्य का नाम लेने के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है।
ब्रजेश पाठक ने इतिहास याद दिलाकर अखिलेश को घेरा
दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए पूर्ववर्ती स पा सरकारों के कार्यकाल की याद दिलाई। पाठक ने कहा कि यदि सपा प्रमुख को सनातन संस्कृति की बुनियादी समझ होती, तो उनकी पार्टी के शासनकाल में निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश न दिया गया होता। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं, इसी कारण वे न तो अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करते हैं और न ही मथुरा में भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेने जाते हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि ऐसे नेताओं का ‘राम-राम’ या ‘राधे-राधे’ जैसी सांस्कृतिक परंपराओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है।








