Tirupati Balaji Temple Gold Donation: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर यानी बालाजी मंदिर में जल्द ही एक ऐसा महादान होने जा रहा है, जिसकी चर्चा देशभर में हो रही है। एक श्रद्धालु भगवान बालाजी को करीब 121 किलोग्राम सोने के आभूषण भेंट करने जा रहा है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंदिर के इतिहास में इसे किसी एक भक्त की ओर से दिया जाने वाला सबसे बड़ा स्वर्ण दान माना जा रहा है। खास बात यह है कि दान करने वाले भक्त की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
45 आभूषणों से तैयार किए गए हैं सोने के 9 सेट
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के सूत्रों के मुताबिक, इन आभूषणों को भगवान वेंकटेश्वर की मूल मूर्ति के लिए विशेष रूप से तैयार कराया गया है। कुल 45 अलग-अलग आभूषणों को मिलाकर नौ सेट बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि चेन्नई के एक बड़े ज्वेलर्स ने इन आभूषणों को तैयार किया है। यह दान केवल सोने की मात्रा के लिहाज से ही नहीं, बल्कि इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक अहमियत के कारण भी खास माना जा रहा है।
26 नवंबर को सौंपे जाएंगे 121 किलो सोने के आभूषण
जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को इस महादान की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में TTD इस दान को स्वीकार कर सकता है। मुख्यमंत्री पहले भी इस बारे में जानकारी दे चुके हैं कि अमेरिका में रहने वाले एक भक्त ने भगवान बालाजी की मूल मूर्ति के लिए आभूषणों के पूरे सेट दान करने की इच्छा जताई है। अब इस ऐतिहासिक भेंट को लेकर मंदिर प्रशासन की तैयारियां चर्चा में हैं।
दो साल में 1100 करोड़ का दान, 3100 करोड़ पहुंचा फंड
तिरुपति मंदिर में भक्तों की आस्था का अंदाजा दान के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है। TTD के अनुसार, पिछले दो वर्षों में SV अन्नप्रसादम ट्रस्ट को करीब 1,100 करोड़ रुपये का दान मिला है। इससे ट्रस्ट का कुल फंड बढ़कर लगभग 3,100 करोड़ रुपये हो गया है। मंदिर में वर्ष 1985 में शुरू हुई अन्नदान सेवा आज बड़े स्तर पर संचालित हो रही है। ऐसे में 121 किलो सोने का यह दान एक बार फिर तिरुपति बालाजी मंदिर की धार्मिक प्रतिष्ठा और भक्तों की अटूट आस्था को चर्चा में ले आया है।







