वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने हजारों लोगों की जिंदगी बदल दी है। कई इमारतें पलभर में ढह गईं और बड़ी संख्या में लोग मलबे के नीचे दब गए। इसी तबाही के बीच एक ऐसी खबर सामने आई जिसने लोगों को राहत और उम्मीद दोनों दी। 44 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड हेरनान अल्बर्टो गिल को करीब सात दिन तक मलबे में फंसे रहने के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वह उत्तरी राज्य ला गुआइरा के एक नौ मंजिला शॉपिंग सेंटर में ड्यूटी पर थे, तभी भूकंप आने से पूरी इमारत गिर गई। इतने लंबे समय तक मलबे में जिंदा बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। इस सफल रेस्क्यू ने दुनिया भर के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
कई देशों की टीमों ने मिलकर बचाई जान
हेरनान अल्बर्टो गिल को बचाने के लिए सात देशों की रेस्क्यू टीमों ने लगातार कई दिनों तक मेहनत की। अल साल्वाडोर, चिली, अमेरिका, पुर्तगाल, मैक्सिको, कोस्टा रिका और वेनेजुएला के विशेषज्ञों ने मिलकर अभियान चलाया। बचावकर्मियों ने पहले मलबे के बीच गिल तक एक पतली ट्यूब पहुंचाई, जिससे उन्हें पानी और जरूरी तरल पदार्थ दिए जाते रहे। लेकिन इमारत का ढांचा बेहद कमजोर होने के कारण सीधे अंदर जाना जोखिम भरा था। ऐसे में टीमों ने दो अलग-अलग सुरंगें बनाईं, ताकि सुरक्षित तरीके से गिल तक पहुंचा जा सके। करीब 70 घंटे तक चले इस कठिन अभियान के बाद आखिरकार उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
भूकंप ने मचाई भारी तबाही, हजारों लोगों की मौत
वेनेजुएला में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे बड़े पैमाने पर तबाही हुई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 2,295 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं। बड़ी संख्या में इमारतें ढह गईं और कई इलाके पूरी तरह बर्बाद हो गए। शुरुआत में करीब 60 हजार लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई थी, हालांकि राहत और बचाव कार्य के बाद यह संख्या घटकर लगभग 38,600 रह गई है। सबसे ज्यादा नुकसान ला गुआइरा राज्य में हुआ है, जहां कई इलाकों में अब भी संचार सेवाएं पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई हैं। राहत एजेंसियां लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका
भूकंप के बाद वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने भी इस आपदा में मदद के लिए कई जरूरी संसाधन भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है क्योंकि कई इलाकों में अब भी मलबा हटाने का काम जारी है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे (USGS) ने अनुमान जताया है कि इस भूकंप में मरने वालों की कुल संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है। ऐसे में पूरी दुनिया की नजर वेनेजुएला पर बनी हुई है। हालांकि इस भीषण त्रासदी के बीच हेरनान अल्बर्टो गिल का सुरक्षित बच निकलना लाखों लोगों के लिए उम्मीद की एक बड़ी मिसाल बन गया है और यह दिखाता है कि लगातार प्रयास और टीमवर्क से मुश्किल हालात में भी जिंदगी बचाई जा सकती है।
Read More-बस खराब हुई, यात्री नीचे उतरे… अगले ही पल हुआ ऐसा कि 5 लोगों की चली गई जान, 12 घायल








