यूपी में गंभीर बीमारियों से परेशान आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत भरा भरोसा दिया है। शुक्रवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी जरूरतमंद को पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सरकार पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाने में मदद करेगी, ताकि उन्हें योजना के तहत इलाज की सुविधा मिल सके। यदि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद भी उपचार के लिए अतिरिक्त पैसों की जरूरत होती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री के इस भरोसे से गंभीर बीमारियों का सामना कर रहे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी उम्मीद मिली है।
जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मिले मुख्यमंत्री, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 150 लोगों से मिले। उन्होंने एक-एक व्यक्ति के पास पहुंचकर उनकी परेशानियां सुनीं और प्रार्थना पत्रों को खुद पढ़कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया। इस दौरान जमीन विवाद, पुलिस से जुड़ी शिकायतों और अन्य समस्याएं भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निपटारा समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पीड़ित को अनावश्यक रूप से सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। शिकायतों के समाधान में निष्पक्षता और संवेदनशीलता बरतने के साथ ही पीड़ित की संतुष्टि का भी ध्यान रखने को कहा गया।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्त रुख, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जनता दर्शन के दौरान कई लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे और संपत्ति विवाद से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कानून के मुताबिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और शिकायत मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि आम जनता की समस्याओं को टालने के बजाय उनका समाधान करना प्राथमिकता होनी चाहिए। विशेष रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा गया।
जनता दर्शन के बाद गोशाला पहुंचे CM योगी, भोलू और छुटकी को खिलाया गुड़-रोटी
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को नमन किया। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और प्यार से दुलार किया। गोवंश के उत्साहित होकर पास आने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सावधानी बरतने की बात भी कही। बता दें कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में निधन हुआ है।
Read more-सामंथा रुथ प्रभु के घर गूंजी किलकारी, 39 की उम्र में बनीं मां; बेटे का नाम जानकर चौंक जाएंगे फैंस







