अमेरिका में 4 घंटे बाद आसमान में फिर शुरू हुई उड़ानें, हटाया गया ग्राउंड स्टॉप; लेकिन यात्रियों की मुसीबत अभी बाकी!

America Flight News: अमेरिका में हवाई यातायात को प्रभावित करने वाली तकनीकी समस्या के बाद अब उड़ानें दोबारा शुरू हो गई हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने शुक्रवार शाम देशभर में लागू ग्राउंड स्टॉप को हटा लिया। इसके बाद विमानों को फिर से उड़ान भरने की अनुमति मिल गई। दरअसल, कम्युनिकेशन सिस्टम में आई खराबी के कारण चार घंटे से ज्यादा समय तक हवाई परिचालन प्रभावित रहा। हालांकि, प्रतिबंध हटने के बाद भी हवाई सेवाएं पूरी तरह सामान्य नहीं हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एयरलाइंस और एयरपोर्ट को सामान्य स्थिति में लौटने में अभी वक्त लग सकता है।

15 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

तकनीकी खराबी का असर अमेरिका के लगभग पूरे हवाई नेटवर्क पर देखने को मिला। शुक्रवार को हजारों यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कई विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली, जबकि कुछ यात्रियों को विमान के अंदर ही लंबे समय तक रुकना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को करीब 15 हजार उड़ानें देरी से चलीं या रद्द हुईं। शनिवार के लिए भी 700 से अधिक उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई। इससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।

न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर मची अफरातफरी, रनवे पर खड़े रहे विमान

न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट पर भी इस संकट का असर साफ दिखाई दिया। यहां बड़ी संख्या में यात्री बैगेज क्लेम एरिया में जमा हो गए। कई लोग अपनी उड़ान की जानकारी के लिए परेशान होते नजर आए। CNN से बातचीत में कुछ यात्रियों ने बताया कि उनका विमान डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक रनवे पर खड़ा रहा। उड़ानों की स्थिति को लेकर असमंजस के बीच एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।

FAA की पुरानी तकनीक पर उठे सवाल, बड़े बदलाव की तैयारी

इस घटना के बाद अमेरिका की विमानन व्यवस्था में इस्तेमाल हो रही तकनीक पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि तकनीकी खराबी से लोगों की सुरक्षा को तत्काल कोई खतरा नहीं था, लेकिन FAA के सिस्टम में बड़े बदलाव जरूरी हैं। उनका मानना है कि पुरानी और नई तकनीक को एक साथ चलाने की कोशिश से व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में पूरी तकनीकी प्रणाली को आधुनिक बनाने की जरूरत है। फिलहाल ग्राउंड स्टॉप हट चुका है, लेकिन यात्रियों को उड़ानों में देरी और रद्द होने की समस्या से राहत मिलने में कुछ समय लग सकता है।

Read More-UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 38 IAS अधिकारियों के तबादले, इन जिलों के DM बदले; देखें किसे मिली नई जिम्मेदारी

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img