UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 38 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारी से लेकर नगर निगम और विकास प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल का असर लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, सीतापुर और बिजनौर समेत कई जिलों में देखने को मिलेगा। अधिकारियों की नई तैनाती के बाद प्रशासनिक विभागों में भी हलचल तेज हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा उन जिलों की है, जहां जिलाधिकारियों को बदलकर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
सीतापुर और बिजनौर को मिले नए DM, LDA की भी बदली जिम्मेदारी
तबादला सूची के मुताबिक, अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, प्रथमेश कुमार को सीतापुर और जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर की कमान सुनील कुमार सिंह को सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है। अब इन अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू कराने की जिम्मेदारी होगी।
महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के DM की अदला-बदली, नगर निगमों में भी बदलाव
इस फेरबदल में महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई है। महाराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, वाराणसी नगर निगम के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम भेजा गया है। गोरखपुर के सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कई विभागों में भी बदली जिम्मेदारी, इन अधिकारियों को मिली नई तैनाती
सरकार के इस फैसले में केवल जिलों के डीएम ही नहीं, बल्कि कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा नोएडा, मेरठ, अयोध्या, फतेहपुर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, श्रावस्ती और बरेली समेत कई क्षेत्रों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। 38 अधिकारियों के इस फेरबदल से प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
Read More-‘पीएम मोदी घबराए हुए हैं…’ राहुल गांधी के फोन टैपिंग दावे पर अजय राय का बड़ा खुलासा








