Home UP बस खराब हुई, यात्री नीचे उतरे… अगले ही पल हुआ ऐसा कि...

बस खराब हुई, यात्री नीचे उतरे… अगले ही पल हुआ ऐसा कि 5 लोगों की चली गई जान, 12 घायल

 उत्तर प्रदेश के एटा में सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से 5 यात्रियों की मौत और 12 लोग घायल हो गए। जानिए हादसा कैसे हुआ, प्रशासन ने क्या कार्रवाई की और जांच में अब तक क्या सामने आया।

11
Etah Road Accident

Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बागवाला थाना क्षेत्र के कीलरमऊ गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस रास्ते में खराब हो गई थी, जिसके चलते चालक और कुछ यात्री बस के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के बाहर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया। सभी घायलों को तुरंत वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्य का जायजा लिया और अस्पताल में भर्ती घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त बस और कंटेनर को हटाकर सड़क पर यातायात सामान्य कराया गया।

 दिल्ली जा रहा था परिवार

हादसे में जान गंवाने वालों में बुलंदशहर निवासी सतेंद्र, फर्रुखाबाद के राजेश, सुखराम, शैलेश और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। वहीं कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। मृतक राजेश के भाई ने बताया कि पूरा परिवार दिल्ली की ओर जा रहा था। रास्ते में बस खराब होने के कारण सभी कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी और देखते ही देखते खुशियों का सफर मातम में बदल गया। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर खराब वाहनों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जाते।

 हादसे की जांच शुरू

प्रशासन का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस सड़क किनारे खड़ी थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुआ। कंटेनर चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Read More-राम मंदिर चढ़ावा मामले में बढ़ी हलचल! अब चंपत राय और अनिल मिश्रा के खिलाफ FIR की मांग, अयोध्या में नया मोड़