फिलीपींस में सोमवार सुबह एक तेज भूकंप ने लोगों को डरा दिया। मिंडानाओ द्वीप के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई। सुबह करीब 5 बजकर 7 मिनट पर पहला झटका महसूस किया गया, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही मिनटों में धरती फिर से हिली और एक घंटे के भीतर लगातार तीन झटकों ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया। अचानक आए इन झटकों से लोग सहम गए और कई जगहों पर लोग खुले मैदान में जमा हो गए।
एक घंटे में तीन बार हिली धरती
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, पहला झटका 7.7 तीव्रता का था जो सबसे शक्तिशाली रहा। इसके बाद 5 बजकर 18 मिनट पर 6.4 तीव्रता का दूसरा झटका आया। तीसरा झटका सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर 6.6 तीव्रता का दर्ज किया गया। लगातार आए इन झटकों ने लोगों को पूरी तरह हिला कर रख दिया। कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
सुनामी अलर्ट से बढ़ी चिंता
भूकंप के बाद कई देशों ने सुनामी को लेकर चेतावनी जारी कर दी है। जापान ने अपने प्रशांत तटीय इलाकों में सुनामी अलर्ट जारी किया है, जहां लगभग एक मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा अमेरिका के सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी तटीय क्षेत्रों में खतरे की संभावना बताई है। इंडोनेशिया की एजेंसी ने भी अपने उत्तरपूर्वी तटीय इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आगे भी झटकों का खतरा
अधिकारियों के अनुसार, यह शक्तिशाली भूकंप आगे आने वाले घंटों और दिनों में आफ्टरशॉक्स यानी छोटे-छोटे झटकों का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और समुद्र तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। इससे पहले भी भारत, नेपाल, चीन और भूटान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिनकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई थी और इसका केंद्र भूटान था।








