Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में चुनाव नतीजों के तीन दिन बाद भी सरकार गठन को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। अभिनेता से नेता बने Vijay की पार्टी TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन 238 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा उससे अभी भी दूर है। शुरुआत में उम्मीद थी कि कांग्रेस के समर्थन से TVK सरकार बना सकती है, लेकिन संख्या बल को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। यही वजह है कि राज्यपाल ने भी अभी तक सरकार बनाने का न्योता नहीं दिया है। इस बीच राज्य की राजनीति में तेजी से नए समीकरण बनते-बिगड़ते नजर आ रहे हैं।
क्या साथ आएंगे पुराने प्रतिद्वंद्वी?
राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ी चर्चा इस बात की है कि DMK और AIADMK एक साथ आ सकते हैं। ये दोनों दल पिछले 50 सालों से तमिलनाडु की राजनीति में एक-दूसरे के कट्टर विरोधी रहे हैं, लेकिन इस बार समीकरण कुछ अलग नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि विजय की बढ़ती राजनीतिक ताकत ने दोनों दलों को एकजुट होने पर सोचने के लिए मजबूर किया है। अगर यह गठबंधन बनता है, तो यह न सिर्फ राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा, बल्कि TVK के लिए सत्ता का रास्ता भी लगभग बंद हो सकता है।
यूपी जैसा सियासी प्रयोग दोहराने की चर्चा
तमिलनाडु में संभावित गठबंधन की तुलना उत्तर प्रदेश की राजनीति से भी की जा रही है, जहां 1993 में Mulayam Singh Yadav और Kanshi Ram ने साथ आकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए थे। बाद में 2019 में Mayawati और Akhilesh Yadav भी साथ आए थे। हालांकि यह गठबंधन ज्यादा समय तक नहीं चला, लेकिन इसने दिखाया कि राजनीति में ‘स्थायी दोस्त या दुश्मन’ नहीं होते। तमिलनाडु में भी इसी तरह का प्रयोग होने की चर्चा तेज है, जहां पुराने विरोधी मिलकर नए उभरते खिलाड़ी को रोकने की रणनीति बना सकते हैं।
AIADMK का दावा और बढ़ती हलचल
इस बीच Edappadi K. Palaniswami ने दावा किया है कि अगली सरकार उनकी पार्टी ही बनाएगी। पार्टी ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें Puducherry के एक रिसॉर्ट में ठहराया है, जहां लगातार बैठकों का दौर जारी है। सूत्रों के मुताबिक, पलानीस्वामी को विधायक दल का नेता चुना गया है और विधायकों ने उनके समर्थन में हस्ताक्षर भी किए हैं। उन्होंने अपने विधायकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या DMK और AIADMK वाकई हाथ मिलाते हैं या फिर विजय कोई नया समीकरण बनाकर सत्ता तक पहुंचने में कामयाब होते हैं।
Read More-TCS धर्मांतरण केस में कई दिनों से फरार मुख्य आरोपी निदा खान को किया गया गिरफ्तार, अब खुलेंगे कई राज








