UP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से जारी सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया गया है। चुनाव के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना है।
BJP की लिस्ट में 8 नाम, दो महिला चेहरों को भी मौका
बीजेपी की सूची में संगठन और उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय नेताओं को जगह मिली है। धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, जबकि प्रकाश पाल को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली हुई है। पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत भी उम्मीदवारों में शामिल हैं। वहीं श्रुति गंगवार को भी पार्टी ने राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा है। इसके अलावा राधाकांत ओझा, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान के नाम सूची में हैं। इस तरह पार्टी ने अनुभवी राजनीतिक चेहरों के साथ संगठन से जुड़े नेताओं को भी मौका दिया है।
आज घोषित हुए सभी सम्मानित प्रत्याशी गणों को हार्दिक बधाई।
आप सभी की ऐतिहासिक विजय हेतु अनंत मंगलकामनाएं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 5, 2026
16 अक्टूबर को मतदान, 6 अक्टूबर तक नामांकन
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है। बीजेपी ने फिलहाल 8 उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या होने के कारण इन सीटों पर उसका प्रदर्शन महत्वपूर्ण रहेगा। उम्मीदवारों के नाम सामने आने के साथ ही राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तस्वीर और साफ होगी। उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि मतदान के दिन ही मतगणना भी होगी।
Read More-‘अदालत ने मंजूरी नहीं दी’… फॉर्म 6 विवाद में CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान, जानें पूरा मामला








