UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया। राज्य सरकार ने 34 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें 14 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी शामिल हैं। हरदोई, मुरादाबाद, कानपुर नगर, एटा, अमेठी, कुशीनगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है।
हरदोई से मुरादाबाद पहुंचे अनुनय झा, राहुल पांडेय को मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। हरदोई के डीएम अनुनय झा को अब मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि राज्य कर विभाग के विशेष सचिव राहुल पांडेय को हरदोई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह एम. अरुन्मोली को एटा का डीएम बनाया गया है। अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान को कुशीनगर भेजा गया है। वहीं कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर अब कानपुर नगर के जिलाधिकारी होंगे।
इन जिलों में भी बदले गए जिलाधिकारी
तबादले के तहत अनुज मलिक को संतकबीरनगर, आलोक कुमार को पीलीभीत और ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का डीएम बनाया गया है। शशांक चौधरी को अमेठी, दिव्यांशु पटेल को बागपत, प्रभास कुमार को महोबा, उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर, सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इस तरह कुल 14 जिलों में प्रशासन की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
कई अधिकारियों को शासन और दूसरे महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया
इस फेरबदल में केवल जिलाधिकारियों की तैनाती ही नहीं बदली गई, बल्कि कई अधिकारियों को शासन और विभिन्न संस्थानों में नई जिम्मेदारियां भी मिली हैं। कानपुर नगर के डीएम रहे जितेंद्र प्रताप सिंह को मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। मुरादाबाद के डीएम राजेंद्र पेंसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार, एटा के डीएम अरविंद सिंह को विशेष सचिव खाद्य एवं रसद और हाथरस के डीएम अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व बनाया गया है। वहीं बलिया के डीएम रहे मंगला प्रसाद सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
Read More-रात के आसमान में धमाके और आग, मॉस्को हमले के बाद रूस ने यूक्रेन को घेरा







