Deoria News: देवरिया के लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। गांव निवासी RSS कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी (50) पर पड़ोसियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गांव में पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है और यह सड़क रामेश्वर तिवारी के घर के सामने से गुजरती है। इसी दौरान उन्होंने अपने घर के पास ब्रेकर बनवाने की बात कही, जिसका पड़ोसियों ने विरोध किया। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और बाद में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान रामेश्वर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल में इलाज के दौरान चली गई जान
घटना के बाद परिजन रामेश्वर तिवारी को तुरंत लार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संजय तिवारी, दीपक तिवारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
लापरवाही पर SHO समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर ने कार्रवाई करते हुए लार थाना प्रभारी राकेश कुमार और सब इंस्पेक्टर राम मूरत को निलंबित कर दिया। इसके अलावा दो बीट सिपाहियों को भी सस्पेंड किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को गोरखपुर जोन के DIG एस. चन्नप्पा ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
Read More-मॉनसून जाते-जाते फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट







