Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद MBBS के 38 छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। खास बात यह है कि दोषी पाए गए प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा एक साल तक उनकी स्कॉलरशिप रोकने का फैसला लिया गया है। निलंबन की अवधि में इन छात्रों को क्लास और हॉस्टल दोनों से दूर रहना होगा।
जूनियर छात्रों से करवाया जाता था प्रणाम, वायरल हुआ था वीडियो
यह मामला 16 नवंबर को सामने आए एक वीडियो के बाद चर्चा में आया था। वायरल वीडियो में MBBS के जूनियर छात्र-छात्राएं एक कतार में सिर झुकाकर खड़े दिखाई दे रहे थे। वहां से गुजरने वाले सीनियर छात्रों को देखकर लड़के ‘प्रणाम महोदय जी’ और सीनियर छात्राओं को देखकर लड़कियां ‘प्रणाम मैडम जी’ बोल रही थीं। वीडियो में कुछ सुरक्षाकर्मी भी मोबाइल से घटना रिकॉर्ड करते नजर आए थे। सीनियर छात्रों की डांट और जूनियरों के चेहरे पर दिख रही घबराहट ने रैगिंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंपी थी।
जांच में जूनियर छात्र भी मिले दोषी, KGMU ने दी सख्त चेतावनी
जांच के दौरान सामने आया कि 2025 बैच के दो जूनियर छात्र भी अपने सीनियरों के साथ रैगिंग की गतिविधियों में मदद कर रहे थे। कमेटी ने उन्हें भी दोषी मानते हुए कार्रवाई की सिफारिश की। KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय में रैगिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि अगर उनके साथ डराने, धमकाने या अपमानित करने जैसी कोई घटना होती है तो तुरंत प्रशासन या एंटी रैगिंग कमेटी को इसकी जानकारी दें। विश्वविद्यालय का कहना है कि भविष्य में भी ऐसी घटनाओं में शामिल पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







