तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद के बीच सिकंदर बदूशा दरगाह में शनिवार सुबह बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। दरगाह में इबादत करने वालों में स्थानीय लोगों के साथ केरल से आए लोग भी शामिल रहे। सुबह से ही दरगाह पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बताया जा रहा है कि 100 से अधिक पुरुष, महिलाएं और युवा यहां विशेष इबादत के लिए पहुंचे। धार्मिक गतिविधियों के बीच पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन अलर्ट नजर आया।
दरगाह जाने वालों की लगी कतार, पहचान के बाद मिली एंट्री
दरगाह में पहुंचने वाले जायरीन की सुरक्षा जांच के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए थे। सुबह करीब 6:15 बजे से लोगों को कतार में लगाना शुरू कर दिया गया। इसके बाद उनकी पहचान और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की गई। जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई। प्रशासन को आशंका थी कि विवाद के बीच बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही हो सकती है, इसलिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद CRPF की तैनाती
कार्तिगई दीपम विवाद को देखते हुए तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक कंपनी तैनात की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को पारंपरिक दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश दिया था। अदालत ने श्रद्धालुओं को भी इस आयोजन में शामिल होने की अनुमति दी है। साथ ही मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि किसी भी समुदाय की धार्मिक गतिविधि प्रभावित न हो।
दीप जलाने के फैसले से श्रद्धालुओं में खुशी
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने खुशी जताई है। प्रसन्ना कुमारी नाम की श्रद्धालु ने कहा कि इलाके के लोग इस फैसले से काफी खुश हैं और उन्हें उम्मीद है कि CRPF की मौजूदगी में दीपम शांतिपूर्ण तरीके से जलाया जाएगा। उन्होंने इस परंपरा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का भी जिक्र किया। गौरतलब है कि दीपथून पर दीप जलाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। पहले तय स्थान पर दीप नहीं जलाए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया था। अब अदालत के ताजा निर्देश के बीच पहाड़ी पर मंदिर और दरगाह, दोनों जगह सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।







