अगर आप बढ़ते वजन से परेशान हैं और महंगे इलाज के डर से पीछे हट रहे थे, तो आपके लिए आज की सबसे बड़ी खुशखबरी आ गई है। भारत में वजन घटाने वाले जादुई इंजेक्शन (Weight Loss Injection) की कीमतें आसमान से जमीन पर आ गई हैं। अब तक जो इंजेक्शन केवल बड़े-बड़े सेलेब्रिटीज और अमीर लोग ही लगवा पाते थे, उसकी कीमत में अब 70 से 80 फीसदी तक की भारी कटौती होने जा रही है। इसका कारण कोई सेल या डिस्काउंट नहीं, बल्कि एक बड़ा कानूनी बदलाव है, जिसने विदेशी कंपनियों की मनमानी खत्म कर दी है और अब आपकी जेब पर पड़ने वाला भारी बोझ हल्का होने वाला है।
क्यों अचानक गिर गए दाम?
दरअसल, वजन घटाने वाली सबसे असरदार दवा ‘सेमाग्लूटाइड’ (Semaglutide) पर अब तक एक विदेशी कंपनी का कब्जा था। नियम के मुताबिक, जब तक किसी कंपनी के पास दवा का ‘पेटेंट’ रहता है, वही उसकी कीमत तय करती है। लेकिन मार्च 2026 में यह समय सीमा खत्म हो गई है। अब भारत की अपनी देसी कंपनियां जैसे सन फार्मा और मैनकाइंड भी यही दवा बनाने के लिए आजाद हैं। जब बहुत सारी कंपनियां एक ही चीज बनाती हैं, तो उनमें मुकाबला शुरू हो जाता है और कीमतें अपने आप कम हो जाती हैं। यही वजह है कि जो कोर्स पहले ₹20,000 से ज्यादा का पड़ता था, वह अब ₹2,000 से ₹4,000 के बीच आसानी से मिल जाएगा।
मोटापे की छुट्टी और बचत पक्की: मिडिल क्लास को मिली राहत
भारत में करोड़ों लोग मोटापे और शुगर (डायबिटीज) जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं। अक्सर लोग जिम जाते हैं या डाइटिंग करते हैं, लेकिन जिद्दी चर्बी नहीं घटती। ऐसे में डॉक्टर इन इंजेक्शंस की सलाह देते हैं, लेकिन कीमत इतनी ज्यादा थी कि एक आम आदमी इसके बारे में सोच भी नहीं सकता था। अब दाम गिरने से मिडिल क्लास परिवारों के लिए भी यह इलाज मुमकिन हो गया है। जानकारों का कहना है कि अगले कुछ महीनों में जब ये इंजेक्शन हर छोटे-बड़े मेडिकल स्टोर पर पहुँचेंगे, तो इनकी कीमतें और भी कम हो सकती हैं। यह उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जिनका वजन उनकी सेहत के लिए खतरा बन चुका था।
कैसे काम करता है यह इंजेक्शन?
बहुत से लोग डरते हैं कि कहीं यह कोई ऑपरेशन या सर्जरी जैसा तो नहीं? तो बता दें कि यह एक बहुत ही आसान तरीका है। यह इंजेक्शन शरीर में जाकर उस हिस्से को एक्टिव कर देता है जो हमें बताता है कि ‘पेट भर गया है’। इसे लेने के बाद आपको फालतू की भूख नहीं लगती और आप कम खाना खाते हैं। जब आप कम खाते हैं, तो शरीर आपके अंदर जमा पुरानी चर्बी को जलाकर ऊर्जा बनाना शुरू कर देता है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस दवा के सही इस्तेमाल से लोग साल भर में अपने वजन का 15 से 20 किलो तक आसानी से कम कर लेते हैं। अब सस्ता होने की वजह से लोग अपना पूरा कोर्स समय पर खत्म कर पाएंगे, जिससे बेहतर नतीजे मिलेंगे।
बरतना होगी थोड़ी सावधानी: सस्ती है, पर खुद डॉक्टर न बनें
भले ही यह इंजेक्शन अब सस्ता हो गया है और आसानी से मिलने लगेगा, लेकिन इसे ‘कैंडी’ या आम दवा समझने की गलती न करें। यह एक डॉक्टरी दवा है और इसे केवल डॉक्टर की सलाह और उनकी देखरेख में ही लगवाना चाहिए। बिना सलाह के इसे लेने से उल्टी, चक्कर आना या पेट खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सरकार भी अब कंपनियों पर नजर रख रही है कि वे केवल असली मरीजों को ही यह दवा बेचें। याद रखिए, दवा सिर्फ एक सहारा है, आपको अपनी डाइट और थोड़ी-बहुत एक्सरसाइज भी जारी रखनी होगी। सस्ता होना एक अच्छी बात है, लेकिन सही जानकारी के साथ इस्तेमाल करना ही असली समझदारी है।
Read More-LPG संकट खत्म? 55 लाख बुकिंग के बीच सरकार ने घरेलू आपूर्ति को कैसे सुरक्षित किया?








