ब्रिक्स डिनर में नहीं पहुंचे शी जिनपिंग, होटल लौटने की क्या थी वजह? सामने आई अंदर की बात

नई दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान शनिवार रात आयोजित खास गाला डिनर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नजर नहीं आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं के सम्मान में इस रात्रिभोज का आयोजन किया था। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शी जिनपिंग डिनर में शामिल होने के बजाय अपने होटल लौट गए। हालांकि, उनके कार्यक्रम से अलग रहने की आधिकारिक वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हुई।

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस भी नहीं रहे मौजूद

ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के बाद अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात वापस लौट गए। इसी कारण वह भी गाला डिनर में शामिल नहीं हो सके। दूसरी ओर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स के कई नेता इस आयोजन में मौजूद रहे। डिनर में भारत सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और दूसरे प्रमुख नेता भी शामिल हुए।

डिनर में परोसे गए खास भारतीय व्यंजन

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज में भारतीय स्वाद और क्षेत्रीय व्यंजनों को खास जगह दी गई। मेहमानों के लिए खंडवी मिले-फ्यूइल, खुंब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्ची मार्मिक, गाजर-बीन पोरियल और बाजरा-पुलाव जैसे व्यंजन परोसे गए। मिठाइयों में पुरानी दिल्ली की फ्रूट क्रीम के साथ जलेबी और शहतूत फिरनी शामिल रही। इस मेन्यू के जरिए भारतीय खानपान की विविधता को भी प्रदर्शित किया गया।

ब्रिक्स बैठक में मोदी और जिनपिंग की मुलाकात

शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। सम्मेलन में 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति रविवार दोपहर करीब 11 बजे दिल्ली से चीन के लिए रवाना होने वाले थे। डिनर में उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद भारत-चीन संबंधों और दोनों नेताओं की मुलाकात पर चर्चा जारी रही।

Read More-BRICS में गूंजी पहलगाम की पीड़ा, शुभम की पत्नी ने PM मोदी को क्यों कहा- दिल से आभार?

 

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img