Bargi Dam Accident: जबलपुर के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कई दिनों से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद अब सभी लापता लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार को अंतिम रूप से कामराज का शव मिलने के साथ ही इस दर्दनाक हादसे का खोज अभियान खत्म हो गया। प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि अब इस हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है। अंतिम शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल और गहरा हो गया है।
बच्चों समेत कई लोगों की गई जान
इस हादसे में कई मासूम बच्चों की भी जान चली गई, जिसने घटना को और ज्यादा दुखद बना दिया है। रविवार सुबह 9 वर्षीय मयूरन का शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिला था, जो तमिलनाडु के त्रिची का रहने वाला था। वह कामराज का भतीजा बताया जा रहा है। इससे पहले शनिवार को कामराज के पांच वर्षीय बेटे श्रीतमिल और पांच वर्षीय विराज के शव भी बरामद किए गए थे। इन मासूमों की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है और हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है।
प्रशासन की निगरानी में चला रेस्क्यू
हादसे के बाद से ही प्रशासन और बचाव दल लगातार मौके पर तैनात रहे। गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों ने पानी में सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद एक-एक कर सभी लापता लोगों को खोज निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, अब क्षेत्र में सतर्कता बरकरार रखी गई है और घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर क्रूज हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही शामिल थी।
त्रासदी ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
बरगी बांध का यह हादसा अब कई सवाल खड़े कर रहा है, खासकर पर्यटन और जल परिवहन सुरक्षा को लेकर। स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियमों और बेहतर निगरानी की जरूरत है। प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। फिलहाल, पूरे मामले में शोक और संवेदना का माहौल है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।








