दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर आज से बड़ी सुविधा लेकर आ रहा है। करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। यह मार्ग मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद पूर्वी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को कई व्यस्त रास्तों और सिग्नल से राहत मिलने की उम्मीद है।
45 मिनट का सफर 15-20 मिनट में होने का दावा
बारापुला फेज-3 के चालू होने से मयूर विहार से AIIMS, सफदरजंग और INA की तरफ जाने वाला करीब 9 किलोमीटर का सिग्नल-फ्री कॉरिडोर तैयार हो जाएगा। इससे जहां अभी कई जगह जाम के कारण 45 से 60 मिनट लग सकते हैं, वहीं सफर का समय घटकर करीब 15 से 20 मिनट होने का दावा किया गया है। कॉरिडोर से रिंग रोड, ITO, आश्रम चौक और भैरों मार्ग जैसे इलाकों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
नोएडा और गाजियाबाद के वाहन चालकों को भी फायदा
इस परियोजना का फायदा दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद से आने वाले यात्रियों को भी मिलेगा। नोएडा की तरफ से आने वाले वाहन मयूर विहार के रास्ते दक्षिण दिल्ली की ओर जा सकेंगे, जबकि इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा से आने वाले लोगों को भी वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। कॉरिडोर की कनेक्टिविटी DND फ्लाईवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और रिंग रोड से जुड़ने की वजह से कई इलाकों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
सराय काले खां बनेगा बड़ा ट्रांसपोर्ट कनेक्शन पॉइंट
बारापुला फेज-3 सराय काले खां ISBT, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और रैपिड रेल स्टेशन के आसपास से गुजरता है। इससे इलाके की मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। परियोजना को 2014 में मंजूरी मिली थी, लेकिन पर्यावरण मंजूरी में देरी के कारण लागत बढ़कर करीब 1,635 करोड़ रुपये हो गई। उद्घाटन कार्यक्रम में मुकरबा चौक अंडरपास का लोकार्पण भी होगा। इसके अलावा मोदी मिल-कालकाजी और सावित्री सिनेमा हाफ फ्लाईओवर की आधारशिला रखे जाने की जानकारी दी गई है।
Read More-Reels स्क्रॉल करते-करते दिमाग पर पड़ रहा असर? स्टडी में सामने आई चौंकाने वाली बात








