जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की एक बड़ी और पुरानी साजिश से पर्दा उठ गया है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने बुधवार को एक बेहद संवेदनशील जानकारी साझा करते हुए सुरक्षा एजेंसियों और आम लोगों को चौंका दिया है। DGP के मुताबिक, रियासी जिले के माहोर और चसाना इलाकों से साल 1991 से 2003 के बीच जो 30 लोग रहस्यमयी तरीके से लापता हुए थे, वे असल में सरहद पार कर पाकिस्तान जा बसे हैं। भारत के खिलाफ हथियार चलाने की ट्रेनिंग लेने के लिए भागे ये सभी लोग अब वहां बैठकर एक बड़ा आतंकी सिंडिकेट चला रहे हैं। इन लोगों का मुख्य मकसद घाटी में दम तोड़ चुके आतंकवाद को फिर से खड़ा करना है, जिसके लिए वे लगातार सीमा पार से हथियारों की खेप, गोला-बारूद और हवाला के जरिए पैसा भेजने की नापाक हरकतें कर रहे हैं।
हिजबुल मुजाहिदीन के इशारे पर युवाओं को भटकाने की साजिश
पुलिस प्रमुख ने सोशल मीडिया के जरिए इस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली का कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया है। जांच में यह बात साफ हो गई है कि पाकिस्तान में पनाह लिए ये सभी 30 आतंकी कुख्यात आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन (HM) के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इनका काम सिर्फ हथियार या पैसा भेजने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ये सोशल मीडिया और अपने पुराने संपर्कों के जरिए जम्मू-कश्मीर के भोले-भाले युवाओं का ब्रेनवॉश भी कर रहे हैं। ये आतंकी स्थानीय युवकों को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर धकेलकर उन्हें देश के खिलाफ हथियार उठाने के लिए उकसा रहे हैं। माहोर पुलिस स्टेशन को अपने खुफिया तंत्र से इस पूरे नेटवर्क की भनक लगी थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए इनके नापाक मंसूबों को बेनकाब किया है।
आतंकी फंडिंग के लिए बेच दी अपनी पुश्तैनी जमीनें
इस मामले की तह तक जाने के लिए माहोर पुलिस ने साल 2024 में इन सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) की सख्त धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें एक बेहद चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। पुलिस ने ऐसे पांच मुख्य आतंकियों की पहचान की है, जिन्होंने घाटी में आतंकी गतिविधियों को आर्थिक मदद (फंडिंग) देने के लिए अपनी स्थानीय जमीनें तक बेच डाली थीं। इन पांच चेहरों में शाडोल का मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम, बिडर का बशीर अहमद उर्फ मासूम, हुंडर का शौकत अली, खंती का मंजूर अहमद और थुरू का इम्तियाज अहमद शामिल हैं।
बेनकाब हुए पाकिस्तान में छिपे सभी 30 दहशतगर्दों के नाम
सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान में बैठकर भारत के खिलाफ जहर उगल रहे सभी 30 आतंकियों की पूरी सूची तैयार कर ली है। ऊपर बताए गए नामों के अलावा इस फेहरिस्त में शजरू का मोहम्मद सबदार, मखना, अलाफ दीन और गुलाम मोहम्मद उर्फ गामा शामिल हैं। खौर इलाके से समदू के दोनों बेटे गुलाम मोहम्मद और गुलाम कादिर के साथ-साथ मुश्ताक अहमद का नाम भी सामने आया है। इसके अलावा दादा का खुशहाल हुसैन, कर्मकथा के अब्दुल मजीद, मोहम्मद रफीक उर्फ शब्बीर, शब्बीर अहमद और मंजूर अहमद भी इसी नेटवर्क का हिस्सा हैं। सूची में लार का अब्दुल मजीद, सिलधार के मुश्ताक अहमद और जमाल दीन, शाडोल का मोहम्मद यूसुफ खकमत, चकरास के मोहम्मद इकबाल और मोहम्मद अशरफ, लाध का गुलाम मोहम्मद, शिब्रास का अब्दुल हामिद नजर, चिकलास का तालिब हुसैन, लढ़ के मोहम्मद रफीक और गामी गुज्जर, तुल्ली का मोहम्मद रफीक, कुंदरधन के मोहम्मद कासिम और मोहम्मद रफीक, बालमतकोट का अब्दुल हामिद, बागोदास का शब्बीर अहमद और हसोते का मोहम्मद अली भी शामिल है। पुलिस अब इनकी संपत्तियों को कुर्क करने और कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में जुट गई है।
Read more-छठ और सिंदूर पर टिप्पणी कर फंसे कॉमेडियन यश महेश्वरी, दर्ज हुई FIR, अब 38 जिलों में घेरने की तैयारी








