IPL 2027 की नीलामी में बाप-बेटे पर लगेगी बोली! उम्र से लेकर बेस प्राइस तक, जानिए कौन किस पर पड़ेगा भारी

IPL 2027 Auction: IPL 2027 के मिनी ऑक्शन में इस बार एक ऐसी जोड़ी चर्चा में है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींच लिया है। अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी और उनके बेटे हसन ईसाखिल ने नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। आईपीएल का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर 2026 को गोवा में आयोजित होना है। इस नीलामी में कुल 1220 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी। खास बात यह है कि पहली बार पिता और बेटे की जोड़ी एक ही आईपीएल ऑक्शन का हिस्सा बनने जा रही है। नबी पहले भी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं, जबकि हसन पहली बार नीलामी में उतरेंगे।

उम्र में 21 साल का अंतर, बेस प्राइस भी अलग-अलग

मोहम्मद नबी और हसन ईसाखिल की उम्र में करीब 21 साल का अंतर है। नबी की उम्र 41 साल है और वह 1 जनवरी 2027 को 42 वर्ष के हो जाएंगे। वहीं, उनके बेटे हसन अभी 20 साल के हैं और 28 जुलाई 2027 को 21 वर्ष पूरे करेंगे। दोनों की बेस प्राइस में भी अंतर देखने को मिल रहा है। नबी ने अपना न्यूनतम मूल्य 1 करोड़ रुपये रखा है, जबकि हसन ने 75 लाख रुपये की बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में जगह बनाई है। यानी पिता की बेस प्राइस बेटे से 25 लाख रुपये ज्यादा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि किस खिलाड़ी पर फ्रेंचाइजी ज्यादा भरोसा दिखाती हैं।

पिता का लंबा अनुभव, बेटे के पास खुद को साबित करने का मौका

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव के मामले में मोहम्मद नबी अपने बेटे से काफी आगे हैं। उन्होंने साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। अब तक वह 3 टेस्ट, 181 वनडे और 155 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। उनके नाम वनडे में 3801 रन और 181 विकेट दर्ज हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 2509 रन बनाने के साथ 111 विकेट भी हासिल किए हैं। दूसरी ओर, हसन ईसाखिल ने सितंबर 2026 में एशियाई खेलों के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह अब तक केवल 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उनके बल्ले से 3 रन निकले हैं। ऐसे में नबी के पास अनुभव की ताकत है, जबकि हसन के लिए आईपीएल ऑक्शन अपने करियर को नई पहचान देने का बड़ा मौका साबित हो सकता है।

Read More-वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में रच दिया इतिहास! 250 रन का लक्ष्य भी पड़ा छोटा, UAE के गेंदबाजों की उड़ी धज्जियां

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img