भारतीय क्रिकेट में एक और युवा बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ऐसी पारी खेली कि रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। तमिलनाडु के खिलाफ उन्होंने महज 68 गेंदों में 181 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 19 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। खास बात यह है कि प्रियांश ने सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। इस तूफानी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
केएल राहुल को पीछे छोड़ प्रियांश ने बनाया नया रिकॉर्ड
तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले में प्रियांश आर्य ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। मैदान के चारों तरफ शॉट लगाते हुए उन्होंने विपक्षी टीम के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। इससे पहले भारतीय बल्लेबाजों में सबसे बड़ी टी20 पारी का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम था, जिन्होंने 152 रन बनाए थे। वहीं तिलक वर्मा 151 रनों के साथ तीसरे स्थान पर थे। अब प्रियांश की 181 रनों की पारी ने इन सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। उनकी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली का कोई दूसरा बल्लेबाज 30 रन तक भी नहीं पहुंच सका।
19 छक्कों के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
प्रियांश आर्य की इस पारी की सबसे बड़ी खासियत उनके लगाए गए 19 छक्के रहे। उन्होंने एक ही पारी में इतने छक्के लगाकर मेंस टी20 क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक छक्कों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले न्यूजीलैंड के फिन एलन ने जून 2025 में एक पारी के दौरान 19 छक्के लगाए थे। प्रियांश ने महज 36 गेंदों में शतक पूरा करके अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का दम भी दिखाया। उनकी इस पारी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली को 275 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अब प्रियांश की इस ऐतिहासिक पारी की चर्चा क्रिकेट जगत में हो रही है और फैंस को उनसे आगे भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है।







