Monsoon Update: उत्तर भारत में मौसम लगातार करवट ले रहा है। भीषण गर्मी के बीच अब आंधी और बारिश लोगों को राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार कई जगह 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में लोगों को दोपहर और शाम के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली, यूपी और राजस्थान में आंधी-बिजली का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में 16 जून से 21 जून के बीच रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमक सकती है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी 21 जून तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़ और आसपास के जिलों में 17 और 18 जून को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी तेज आंधी और धूल भरी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश का अनुमान जताया है। उत्तराखंड के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 जून को कई इलाकों में बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी 21 जून तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
तेजी से आगे बढ़ रहा मॉनसून, जल्द मिल सकती है बड़ी राहत
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून धीरे-धीरे देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में मॉनसून सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में मॉनसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और बिहार के बाकी हिस्सों तक पहुंच सकता है। इसके बाद जून के आखिरी सप्ताह तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी मॉनसून दस्तक दे सकता है। हालांकि मॉनसून आने से पहले ही उत्तर भारत के कई राज्यों में हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।








