RSS पर राहुल गांधी का ऐसा बयान, मचा सियासी बवाल! बोले- ‘उनकी आवाज दबेगी तो मैं…’

Rahul Gandhi on RSS: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर दिए बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी की आवाज को दबाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति और संगठन को अपनी बात रखने की आजादी होनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने RSS का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कभी उसकी अभिव्यक्ति की आजादी खत्म करने की कोशिश हुई तो वह उसकी रक्षा करेंगे। राहुल गांधी ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा।

‘हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार’

राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में किसी की आवाज रोकना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी को चुप कराने की नहीं, बल्कि लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार दिलाने की है। RSS को लेकर उन्होंने कहा कि विचारों से असहमति हो सकती है, लेकिन किसी संगठन की अभिव्यक्ति की आजादी छीनने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। राहुल के इस बयान को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस और RSS के बीच वैचारिक मतभेद लंबे समय से राजनीतिक बहस का हिस्सा रहे हैं। ऐसे में राहुल का RSS की अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करने वाला बयान चर्चा में आ गया है।

जंतर-मंतर के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और लोगों की आवाज से जुड़े मुद्दे पर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी समस्याएं और परेशानियां सामने रखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोका जा रहा है। राहुल ने एक महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि वह अपनी बेटी के साथ हुए अपराध के मामले में अपनी बात रखना चाहती थी, लेकिन सिस्टम की ओर से उसे प्रदर्शन या अपनी बात रखने की अनुमति नहीं मिल रही थी। राहुल गांधी ने कहा कि अगर लोगों को अपनी बात कहने का मौका नहीं मिलेगा तो लोकतंत्र का मतलब ही कमजोर हो जाएगा।

PM मोदी और अमित शाह पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब यह समझ चुकी है कि लोगों को अपनी बात रखने से हमेशा नहीं रोका जा सकता। राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके सामने कई तरह की परेशानियां हैं और वह रात में सो नहीं पा रहे हैं। वहीं अमित शाह को लेकर राहुल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि संसद से उनकी गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी थी। राहुल ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार पर लगातार दबाव बनाना है।

‘देश खुद को Express करने से नहीं रुकेगा’

राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोगों के भीतर अपनी बात कहने की इच्छा को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, देश के लोग अपनी आवाज उठाते रहेंगे। RSS को लेकर दिए बयान में भी उन्होंने इसी बात पर जोर दिया कि अभिव्यक्ति की आजादी सभी के लिए होनी चाहिए। राहुल के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि बीजेपी और RSS की ओर से इस टिप्पणी पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

READ MORE-28 अगस्त को आसमान में अद्भुत नजारा: 93% तक काला पड़ेगा चांद, क्या भारत में नजर आएगा खौफनाक ‘ब्लड मून’?

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img