अगर आपके घर में बिना किसी खास वजह के पति-पत्नी के बीच रोज़ बहस या किच-किच होती है, तो इसका कारण केवल स्वभाव या परिस्थितियां ही नहीं हो सकतीं। कई बार घर का माहौल और खासतौर पर बेडरूम की ऊर्जा भी रिश्तों पर गहरा असर डालती है। माना जाता है कि बेडरूम वह जगह होती है जहां पति-पत्नी सबसे ज्यादा समय साथ बिताते हैं, ऐसे में यहां मौजूद नकारात्मकता सीधे रिश्ते को प्रभावित कर सकती है। अगर कमरे में गलत चीजें या गलत तरीके से रखा सामान है, तो यह तनाव, चिड़चिड़ापन और दूरी बढ़ा सकता है। इसलिए जरूरी है कि आप अपने बेडरूम का माहौल सकारात्मक और सुकून भरा बनाएं।
आइना और कबाड़ बन सकते हैं झगड़ों की वजह
बेडरूम में रखी कुछ आम चीजें अनजाने में रिश्तों में तनाव पैदा कर सकती हैं। जैसे कि आइना (मिरर)। मान्यता है कि बेड के सामने या आसपास रखा आइना रिश्ते में अस्थिरता और टकराव बढ़ा सकता है। इससे नींद पर भी असर पड़ता है और मन बेचैन रहता है। अगर आइना हटाना संभव न हो, तो उसे रात में ढंककर सोना बेहतर माना जाता है। इसके अलावा, कमरे में जमा कबाड़ या बेकार सामान भी नकारात्मक ऊर्जा का बड़ा कारण होता है। पुराने, टूटे या अनुपयोगी सामान न सिर्फ जगह घेरते हैं बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ाते हैं। साफ-सुथरा और व्यवस्थित कमरा मन को शांत रखता है और रिश्तों में भी मिठास लाता है।
बेड के नीचे छिपा सामान भी कर सकता है नुकसान
अक्सर लोग जगह की कमी के कारण बेड के नीचे या बॉक्स में कई तरह का सामान भर देते हैं। लेकिन यह आदत रिश्तों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। खासतौर पर फटे-पुराने कपड़े, जूते-चप्पल या लोहे का कबाड़ बेड के नीचे रखना नकारात्मकता को बढ़ाता है। यह न सिर्फ मानसिक शांति को प्रभावित करता है बल्कि पति-पत्नी के बीच अनबन का कारण भी बन सकता है। बेहतर होगा कि बेड के नीचे केवल साफ-सुथरे और जरूरत के कपड़े या बिस्तर ही रखें। जितना कम और व्यवस्थित सामान होगा, उतनी ही सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बना रहेगा।
रंगों का भी होता है सीधा असर रिश्तों पर
बेडरूम के रंग भी आपके मूड और रिश्ते पर गहरा प्रभाव डालते हैं। बहुत गहरे या तेज रंग जैसे काला, गहरा नीला, लाल या हरा मन में बेचैनी और तनाव बढ़ा सकते हैं। इससे छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना और झगड़े होना आम हो जाता है। इसके विपरीत हल्के और सॉफ्ट रंग जैसे गुलाबी, हल्का नीला, लैवेंडर, सफेद या क्रीम शांति और सुकून का एहसास कराते हैं। ये रंग मन को शांत रखते हैं और रिश्तों में प्यार बढ़ाने में मदद करते हैं। इसलिए अगर आपके कमरे का रंग बहुत गहरा है, तो उसे बदलकर हल्के रंगों में करवाना एक अच्छा कदम हो सकता है।








