मेरठ होटल कांड: उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवती को होटल के कमरे में बंधक बनाने और जबरन शादी का दबाव डालने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के बीच भागने की कोशिश में वह निर्माणाधीन अंडरपास से नीचे गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों से अपनी गलती की माफी मांगता नजर आया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, सलमान पुत्र इमामुद्दीन मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर जैननगर का निवासी है। वह सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 273/2026 में वांछित था। 25 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के आसपास छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देखकर सलमान ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान वह भागने के लिए पुल पर चढ़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है।
नौकरी का झांसा देकर होटल ले जाने का आरोप
मामले के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली युवती की करीब एक साल पहले सलमान से मुलाकात हुई थी। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। इस बीच युवती की शादी तय हो गई और उसने नौकरी छोड़ दी। आरोप है कि सलमान लगातार उससे मिलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। दो दिन पहले युवती मेरठ में अपनी सहेली के घर आई थी। इसकी जानकारी मिलने पर सलमान ने कथित तौर पर उसे नौकरी दिलाने का बहाना बनाया और आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल ले गया। युवती की शिकायत के अनुसार, वहां उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया।
CCTV में कैद हुई युवती को पकड़ने की घटना
इस मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक युवती होटल की गली से निकलकर सड़क की ओर भागती दिखाई देती है। उसके पीछे एक युवक भी आता है और उसे पकड़कर सड़क पर गिरा देता है। इसके बाद वह युवती को दोबारा अंदर ले जाता दिखाई देता है। कुछ देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती है और युवती को बाहर निकालकर संभाला जाता है। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
तमंचा और कारतूस बरामद, अब आगे होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सलमान की तलाशी ली तो उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब गिरफ्तार हो चुका है और उसका अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। होटल में युवती को कथित तौर पर बंधक बनाने से लेकर पुलिस मुठभेड़ तक सामने आए घटनाक्रम ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।







