गुजरात और राजस्थान में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन दुर्घटनाओं में कुल 16 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसों की जानकारी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।
PM मोदी ने मृतकों के परिजनों को देने का किया ऐलान
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दोनों हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। पीएम मोदी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
कच्छ में ट्रेलर से टकराई कार, एक परिवार के 7 लोगों की मौत
गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर ट्रेलर और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार का संबंध भुज में तैनात एक सेना के जवान से था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कोटा में भीषण टक्कर, 9 श्रद्धालुओं ने गंवाई जान
राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास श्रद्धालुओं की गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। गाड़ी में कुल 16 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के एक परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो खाटू श्याम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







