बारिश से रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान फाइनल, फिर ऐसा क्या हुआ कि पाकिस्तान को थमा दी गई ट्रॉफी?

मेंस ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 का भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला फाइनल विवादों में घिर गया है। शुक्रवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच शुरू ही नहीं हो सका। यहां तक कि टॉस की नौबत भी नहीं आई। इसके बाद आयोजकों ने नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया। इस फैसले ने भारतीय टीम को नाराज कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों का मानना है कि जब फाइनल मुकाबला खेला ही नहीं गया तो केवल नेट रन रेट के आधार पर किसी एक टीम को चैंपियन घोषित करना सही नहीं है।

 संयुक्त विजेता बनाने पर बनी थी सहमति, फिर कैसे पलट गया फैसला?

इस पूरे मामले में एक नया विवाद तब सामने आया, जब रिपोर्ट में दावा किया गया कि वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) की तकनीकी समिति ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमति जताई थी। आरोप है कि WBCC अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह ने इस फैसले को बदलवा दिया। इसके बाद रेफरी को पाकिस्तान को नेट रन रेट के आधार पर विजेता घोषित करने का निर्देश दिया गया। भारतीय पक्ष का कहना है कि बारिश से फाइनल रद्द होने की स्थिति में नेट रन रेट के बजाय संयुक्त विजेता घोषित करने का विकल्प अपनाया जाना चाहिए था। रिजर्व डे नहीं रखे जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

ट्रॉफी सेरेमनी का भारतीय टीम ने किया बहिष्कार

पाकिस्तान को विजेता घोषित किए जाने के विरोध में भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने ट्रॉफी वितरण समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया। क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) के सचिव शैलेंद्र यादव ने इंडिया टुडे से बातचीत में साफ कहा कि जब तक इस विवाद का समाधान नहीं होता, भारतीय टीम भविष्य में पाकिस्तान के साथ मुकाबले खेलने पर विचार नहीं करेगी। इस बयान से साफ है कि मामला केवल एक ट्रॉफी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों देशों के बीच ब्लाइंड क्रिकेट संबंधों पर भी इसका असर पड़ सकता है।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों के जश्न पर भी विवाद, वायरल हुआ वीडियो

विवाद की आग उस समय और बढ़ गई, जब ट्रॉफी मिलने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों के जश्न का वीडियो सामने आया। आरोप है कि खिलाड़ियों ने प्लेन गिराने जैसा इशारा करके जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर इस तरीके की आलोचना हो रही है। इसे भारत-पाकिस्तान के बीच पहले से जारी तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए विमान गिराने के दावों से जोड़कर देखा जा रहा है। अब इस पूरे विवाद में भारतीय टीम के विरोध और आयोजकों के फैसले को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। देखना होगा कि WBCC इस मामले में कोई सफाई देता है या भारतीय टीम की मांग पर फैसले की समीक्षा की जाती है।

Read More-यूपी के मरीजों के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, आयुष्मान कार्ड नहीं है तो भी मिलेगी आर्थिक मदद! जानें कैसै?

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img