अजित पवार के जाने के बाद परिवार और राजनीति को अलग रखने की अपील
सुप्रिया सुले ने भावुक अंदाज में कहा कि अजित पवार के जाने के बाद अब इस विषय पर उनकी ओर से फुलस्टॉप लग चुका है। उन्होंने साफ कहा कि रिश्तों और राजनीति को एक नजर से नहीं देखना चाहिए। सुप्रिया ने सुनील तटकरे, छगन भुजबल और प्रफुल्ल पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी लोगों ने उनके पिता शरद पवार के साथ लंबे समय तक काम किया है। उनके संस्कार उन्हें किसी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करने की इजाजत नहीं देते। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन परिवार के रिश्ते हमेशा बने रहने चाहिए।
संजय राउत और प्रफुल्ल पटेल को लेकर भी रखी अपनी बात
मीडिया से बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले ने शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राउत को बड़ा नेता और बड़े भाई जैसा बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। वहीं, अजित पवार गुट की ओर से संपर्क किए जाने की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें फोन, मैसेज, ईमेल या व्हाट्सऐप के जरिए कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। प्रफुल्ल पटेल के साथ पुराने पारिवारिक संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने राजनीतिक चर्चाओं के लिए सामने आ रही अपुष्ट जानकारियों पर भी सवाल उठाए।
NDA में जाने की अटकलों पर भी लगाया विराम
सुप्रिया सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि NDA में शामिल होने को लेकर भी कोई बातचीत नहीं चल रही है। इसके अलावा उन्होंने परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना पक्ष रखा। उनके मुताबिक, सरकार की ओर से प्रस्तावित लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के मसौदे पर उनकी पार्टी ने सकारात्मक रुख अपनाया था। उन्होंने कहा कि तीन महीने पहले इस मुद्दे पर उनका जो विचार था, आज भी वही है। सुप्रिया के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिखाई दे रहा है।







