देशभर में चर्चा का विषय बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब राजनीतिक गलियारों में भी बहस का मुद्दा बन गई है। शिवसेना (UBT) की नेता Priyanka Chaturvedi ने इस प्लेटफॉर्म की बढ़ती लोकप्रियता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक वायरल ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर बढ़ती नाराजगी और राजनीतिक निराशा का संकेत है। उन्होंने माना कि युवाओं में बीजेपी के खिलाफ गुस्सा साफ दिखाई देता है, लेकिन यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे पारंपरिक विपक्षी दलों की बजाय एक व्यंग्यात्मक और काल्पनिक प्लेटफॉर्म पर भरोसा दिखा रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि विपक्ष को अब युवा मतदाताओं की सोच को नए नजरिए से समझने की जरूरत है, क्योंकि यही भारत के भविष्य की दिशा तय करेंगे।
सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का बढ़ता प्रभाव
पिछले कुछ दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है। इस प्लेटफॉर्म ने बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं की परेशानियों जैसे मुद्दों को व्यंग्यात्मक अंदाज में उठाकर लाखों लोगों का ध्यान खींचा। ग्राफिक्स, मीम्स, एनिमेशन और घोषणापत्र जैसे कंटेंट के जरिए यह प्लेटफॉर्म तेजी से युवाओं के बीच वायरल हुआ। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या लाखों में पहुंच गई, जबकि एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी इसका असर लगातार बढ़ रहा था। सोशल मीडिया यूजर्स इसे सिस्टम के खिलाफ युवाओं की डिजिटल आवाज के रूप में देख रहे हैं। यही वजह है कि राजनीतिक दल भी अब इस ट्रेंड को गंभीरता से लेने लगे हैं।
X अकाउंट बैन होने के बाद और बढ़ा विवाद
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स अकाउंट भारत में बैन होने के बाद विवाद और तेज हो गया। इस कार्रवाई के बाद प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों ने सरकार पर आवाज दबाने के आरोप लगाए। पार्टी से जुड़े अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनका आंदोलन हर दिन हजारों नए फॉलोअर्स जोड़ रहा था और शायद यही वजह रही कि अकाउंट पर कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक करने की कोशिशें की जा रही हैं। अकाउंट बैन होने के तुरंत बाद ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया हैंडल भी सामने आ गया, जिसने फिर से सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी। कई यूजर्स इसे अभिव्यक्ति की आजादी से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सिर्फ एक वायरल राजनीतिक व्यंग्य मान रहे हैं।
कैसे शुरू हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ विवाद?
इस पूरे विवाद की शुरुआत उस टिप्पणी से हुई, जिसमें देश के मुख्य न्यायाधीश द्वारा बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से किए जाने की चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसके बाद 15 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक व्यंग्यात्मक अभियान शुरू किया गया। देखते ही देखते यह प्लेटफॉर्म युवाओं के गुस्से और निराशा का प्रतीक बन गया। खास बात यह रही कि इसने पारंपरिक राजनीति के खिलाफ डिजिटल विरोध का नया तरीका पेश किया। अब प्रियंका चतुर्वेदी जैसे नेताओं के बयान के बाद यह मुद्दा सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं की राजनीतिक सोच और विपक्ष की चुनौती से जुड़ी बड़ी बहस बन चुका है।







