तमिलनाडु में बदलेगा सत्ता का खेल! VCK-IUML के समर्थन से विजय के हाथ में सरकार की चाबी

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद जिस राजनीतिक अनिश्चितता की चर्चा हो रही थी, अब वह लगभग खत्म होती दिखाई दे रही है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) को शनिवार को बड़ा राजनीतिक सहारा मिला, जब वीसीके (VCK) ने बिना किसी शर्त के समर्थन देने का फैसला किया। इसके कुछ ही समय बाद इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने भी विजय के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए समर्थन का ऐलान कर दिया। इन दोनों दलों के साथ आने के बाद टीवीके के समर्थन में कुल विधायकों की संख्या 120 तक पहुंच गई है। ऐसे में अब विजय के मुख्यमंत्री बनने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इसे तमिलनाडु की राजनीति का सबसे बड़ा बदलाव बताया जा रहा है, क्योंकि पहली बार किसी नए राजनीतिक चेहरे ने डीएमके और एआईएडीएमके जैसी पुरानी पार्टियों को कड़ी चुनौती देकर सत्ता के करीब पहुंचने का काम किया है।

चुनाव नतीजों ने बदला तमिलनाडु का पूरा राजनीतिक समीकरण

4 मई को आए विधानसभा चुनाव परिणामों ने पूरे तमिलनाडु को चौंका दिया था। चुनाव से पहले जहां मुकाबला पारंपरिक रूप से डीएमके और एआईएडीएमके के बीच माना जा रहा था, वहीं टीवीके ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल कर लिया। हालांकि पार्टी पूर्ण बहुमत के आंकड़े से कुछ सीटें पीछे रह गई थी। टीवीके को 108 सीटें मिलीं और सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या तक पहुंचने में उसे सहयोगी दलों की जरूरत थी। इसके बाद कांग्रेस के पांच विधायकों ने विजय को समर्थन देने का फैसला किया। वहीं वाम दलों सीपीआई और सीपीआईएम के दो-दो विधायक भी टीवीके के साथ आ गए। इससे समर्थन का आंकड़ा 116 तक पहुंच गया था। अब वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन ने विजय की राह और आसान कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय ने युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं के बीच मजबूत पकड़ बनाई, जिसका असर सीधे चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।

विजय बोले- जनता के भरोसे को नहीं टूटने देंगे

टीवीके को लगातार मिल रहे समर्थन के बाद पार्टी नेताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन ने कहा कि तमिलनाडु की जनता बदलाव चाहती थी और अब वही बदलाव सरकार के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि विजय जल्द ही सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। टीवीके की ओर से समर्थन देने वाली सभी पार्टियों का धन्यवाद भी किया गया है। पार्टी का कहना है कि यह केवल राजनीतिक समर्थन नहीं बल्कि तमिलनाडु के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए एक साझा प्रयास है। विजय की टीम लगातार सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर रही है ताकि सरकार गठन के बाद स्थिर प्रशासन दिया जा सके। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार रोजगार, शिक्षा, उद्योग और युवाओं के मुद्दों को प्राथमिकता दे सकती है। विजय के समर्थकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग ट्रेंड कर रही है।

पलानीस्वामी के पोस्ट ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल

सरकार गठन की चर्चाओं के बीच एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भी तमिलनाडु की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। उन्होंने चुनाव जीतकर सरकार बनाने वाली पार्टी को बधाई दी थी। इसके बाद राजनीतिक हलकों में यह अटकलें लगने लगीं कि एआईएडीएमके भी भविष्य में टीवीके को लेकर नरम रुख अपना सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पलानीस्वामी ने अपने संदेश में कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विभिन्न दलों ने हिस्सा लिया और जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। उन्होंने सरकार बनाने वाली पार्टी को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र की जीत बताया। इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि विजय कब राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करते हैं और नई सरकार का स्वरूप कैसा होगा।

Read more-ED की रेड के बाद पंजाब में बड़ा एक्शन! मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी, किस मामले में हुई कार्रवाई

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img