Cyber Crime News: साइबर अपराध के लिए बदनाम Jamtara एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला और भी चौंकाने वाला है, क्योंकि महज 8वीं पास एक युवक ने दो साल के भीतर करोड़ों रुपये का फर्जी साम्राज्य खड़ा कर लिया। आरोपी मजहर आलम उर्फ इजरायल मियां को Mumbai Police ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि उसने देश के करीब 10 राज्यों में अपना नेटवर्क फैला रखा था और संगठित तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस के मुताबिक, उसकी कार्यशैली इतनी शातिर थी कि वह किसी प्रशिक्षित आईटी प्रोफेशनल से कम नहीं लगता था।
ऐसे बिछाया डिजिटल जाल, कोई नहीं समझ पाया चाल
मजहर ने साइबर ठगी के लिए बेहद चालाकी भरे तरीके अपनाए। वह गूगल सर्च में फर्जी बैंक हेल्पलाइन नंबर डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। जब कोई व्यक्ति मदद के लिए कॉल करता, तो वह खुद को बैंक अधिकारी बताकर भरोसा जीत लेता। इसके बाद वह व्हाट्सएप के जरिए एक APK फाइल भेजता, जिसे डाउनलोड करते ही पीड़ित का फोन पूरी तरह उसके कंट्रोल में आ जाता। यह मालवेयर न सिर्फ निजी जानकारी चुरा लेता था, बल्कि कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए ओटीपी भी सीधे आरोपी तक पहुंच जाता था। इस तरह बिना किसी शक के बैंक खातों से पैसे निकाले जाते थे और पीड़ित को भनक तक नहीं लगती थी।
ऑनलाइन शॉपिंग से ‘सफेद’ करता था काला पैसा
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी किए गए पैसों को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय उन्हें ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म जैसे Amazon और Flipkart के जरिए ‘क्लीन’ करता था। वह फर्जी मर्चेंट अकाउंट बनाकर सामान खरीदता और बाद में उसे बेचकर पैसा सफेद कर देता था। इस अवैध कमाई से उसने जामताड़ा में एक आलीशान घर बनाया, महंगा फ्रेंचाइजी शोरूम खोला और लग्जरी गाड़ियां खरीदीं। उसकी जीवनशैली देखकर कोई भी अंदाजा नहीं लगा सकता था कि वह साइबर अपराध की दुनिया का बड़ा खिलाड़ी है।
पुलिस की कार्रवाई और जनता के लिए चेतावनी
मामले का खुलासा तब हुआ जब Mumbai के कफ परेड थाने में एक शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की और करीब 10 दिनों तक झारखंड में ऑपरेशन चलाया। आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अब तक 90 से ज्यादा सिम कार्ड इस्तेमाल कर चुका था। उसके पास से कई मोबाइल फोन, डेटा शीट और एडमिन एक्सेस बरामद किए गए हैं। अब तक 10 राज्यों से जुड़ी 36 से अधिक शिकायतें उससे संबंधित पाई गई हैं। पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और बैंक से जुड़े नंबर हमेशा आधिकारिक वेबसाइट से ही जांचें।
Read More-‘मुझे पाकिस्तान पसंद है’… बस इतना कहा और पुलिस ने रोका? वायरल वीडियो से मचा हड़कंप








