भरत तिवारी के घर पहुंचे मनोज तिवारी, बहन ने राखी बांधकर रख दी ऐसी मांग कि भावुक हुआ माहौल

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में सोमवार को बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भरत तिवारी के घर पहुंचे। उन्होंने भरत तिवारी की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और परिवार के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान भरत की बहन रूबी देवी ने मनोज तिवारी को राखी बांधी और न्याय की मांग रखी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि जिस दिन उनके भाई को न्याय मिलेगा, उन्हें लगेगा कि उनका भाई वापस मिल गया।

बहन ने सांसद के सामने रखी न्याय की मांग

परिवार से मुलाकात के दौरान रूबी देवी ने अपने भाई के मामले में न्याय दिलाने की मांग की। मनोज तिवारी ने परिवार के सदस्यों की बातें सुनीं और उनकी मांगों को समझने की कोशिश की। मुलाकात के बाद सांसद ने कहा कि भरत तिवारी और उनके परिवार के साथ जो हुआ, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार की उचित मांगों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने रखा जाएगा। सांसद के मुताबिक, वह घटना के बाद से ही परिवार के संपर्क में हैं।

बोले- परिवार से पहले भी रहा हूं संपर्क में

मनोज तिवारी ने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि मुख्यमंत्री से परिवार की मुलाकात के समय ही उनका पहली बार संपर्क हुआ था। उन्होंने बताया कि वह इससे पहले भी भरत तिवारी की मां और परिवार के अन्य लोगों से मिल चुके हैं। दिल्ली में भी उनकी भरत की मां से मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इन मुलाकातों को सार्वजनिक नहीं किया, क्योंकि उनका मानना है कि केवल बयानबाजी से समस्या का समाधान नहीं होता। उन्होंने स्थानीय नेताओं और परिवार से बातचीत के बाद मामले को मुख्यमंत्री के सामने रखा था।

14 नामजद और 50 अज्ञात लोगों का उठा मुद्दा

गांव के लोगों और परिवार ने विरोध-प्रदर्शन के बाद दर्ज हुए मामलों का मुद्दा भी सांसद के सामने रखा। बताया गया कि मामले में करीब 14 लोगों के नाम दर्ज हैं, जबकि लगभग 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मनोज तिवारी ने कहा कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर केवल विरोध या प्रतिक्रिया देने के कारण कार्रवाई हुई है तो ऐसे मामलों में राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

एनकाउंटर को लेकर सांसद ने कही ये बात

भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई आगे बढ़ रही है। उनके मुताबिक, कुछ अधिकारियों को निलंबित किया गया है, कुछ के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है और एक पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी भी हुई है। एनकाउंटर को फर्जी मानने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने हथियार फेंक दिया हो और उसके बाद उसे गोली मारी गई हो, तो यह अन्याय है। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर परिवार की न्याय की लड़ाई आगे बढ़ाई जा रही है।

Read more-पटाया के क्लब में गोविंदा का डांस देख चौंके लोग, वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने किए ऐसे कमेंट

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img