Rajgarh Car Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार रात बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सारंगपुर के पड़ाना इलाके में तेज बहाव वाले नाले को पार करने की कोशिश में एक ईको कार पानी में बह गई। कार में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। दो लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
तेज बहाव के बीच चालक ने बढ़ा दी कार
बताया जा रहा है कि सोमवार रात एक परिवार ईको कार से देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद की ओर जा रहा था। पड़ाना के पास बायपास की पुलिया पर बारिश का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। वहां मौजूद ग्रामीणों ने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक ने कार को पुलिया पर आगे बढ़ा दिया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कार कुछ ही देर में अपना संतुलन खो बैठी और नाले में जा गिरी।
कार में 4 बच्चे और 4 महिलाएं थीं
हादसे के समय कार में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे समेत कुल 11 लोग मौजूद थे। पानी में कार बहने के बाद दो लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और ग्रामीणों ने उन्हें बचा लिया। वहीं, बाकी लोगों की तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम ने अभियान शुरू किया। अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है।
क्रेन और रेस्क्यू टीम ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम ने नाले में तलाश शुरू की। कार और लापता लोगों को खोजने के लिए क्रेन की भी मदद ली जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए। प्रशासन की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
Read More-5.5 करोड़ की मैकलेरन जैसी दिखी कांवड़, ऊपर सवार थे भोलेनाथ… दिल्ली में उमड़ी भीड़








