Bhojpuri Bawal: पटना में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले में उस समय खास नजारा देखने को मिला, जब भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह की मुलाकात आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव से हुई। दोनों की मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में पवन सिंह लालू यादव को देखते ही उनके पास पहुंचते हैं और पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद पवन सिंह उनसे कहते हैं, ‘चाचा! बहुत दिन बाद मिले।’ लालू यादव भी उनके कंधे पर हाथ रखकर आशीर्वाद देते नजर आते हैं। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत भी होती है। मुलाकात का यह अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
पटना के ज्ञान भवन में हुआ ‘भोजपुरी बवाल’ का फिनाले
बताया जा रहा है कि लालू यादव और पवन सिंह की यह मुलाकात पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले के दौरान हुई। कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा से लेकर राजनीति तक से जुड़े कई चर्चित चेहरे मौजूद रहे। मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और लालू यादव भी एक साथ नजर आए। भोजपुरी कलाकारों ने भी कार्यक्रम में जमकर रंग जमाया। पवन सिंह के अलावा दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे कलाकारों ने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम को खास बनाया। इसी दौरान पवन सिंह और लालू यादव की मुलाकात का वीडियो कैमरे में कैद हो गया।
लालू के बेटे तेज प्रताप भी शो का हिस्सा
‘भोजपुरी बवाल’ में लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव भी कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुए। इसी वजह से लालू यादव अपने बेटे का हौसला बढ़ाने के लिए कार्यक्रम में पहुंचे थे। शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे एक साथ दिखाई दिए। पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी भोजपुरी सिनेमा के चर्चित नाम हैं और अपनी फिल्मों व गानों के जरिए बड़ी फैन फॉलोइंग बना चुके हैं। वहीं तेज प्रताप यादव की शो में मौजूदगी ने इसे राजनीतिक और मनोरंजन, दोनों नजरिए से चर्चा में ला दिया। अब लालू और पवन सिंह की इस छोटी सी मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
Read More-5 सितंबर को दिल्ली में फिर सड़क पर उतरेगी CJP, लेकिन मार्च से पहले आया ये बड़ा पेंच







