Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पुलिस मौके पर पहुंच गई। एक रेस्टोरेंट में चल रही इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पुलिस ने कथित तौर पर अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए रुकवा दिया। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों के साथ बहस शुरू हो गई। इसी दौरान लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस उनके खिलाफ रखी गई थी। मौके पर विधायक और दूसरे पक्ष के बीच तीखी बहस हुई और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
गुस्से में विधायक, हाथापाई तक पहुंची बात
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक नंदकिशोर गुर्जर काफी नाराज नजर आ रहे हैं। आरोप है कि विवाद के दौरान वह एक व्यक्ति की तरफ मारने के लिए बढ़े, लेकिन आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज होने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोनी के पूर्व विधायक जाकिर अली और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना समेत कुछ बीजेपी नेताओं के मौजूद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने पूछा- प्रेस कॉन्फ्रेंस की अनुमति कहां है?
पुलिस के मुताबिक किसी सार्वजनिक कार्यक्रम या प्रेस कॉन्फ्रेंस के आयोजन को लेकर संबंधित विभाग को सूचना और जरूरी अनुमति की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसी को लेकर लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी मौके पर पहुंचे और आयोजकों से अनुमति के बारे में जानकारी मांगी। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई। इस दौरान बीजेपी नेता ईश्वर मावी भी वहां दिखाई दिए। मामला इतना बढ़ गया कि माहौल हाथापाई की स्थिति तक पहुंच गया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को अलग कर स्थिति को काबू में किया। हालांकि, पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
2 अगस्त से जारी विवाद में अब प्रेस कॉन्फ्रेंस ने बढ़ाया तनाव
लोनी में यह विवाद पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है। बताया जा रहा है कि 2 अगस्त को हिंदू रक्षा दल से जुड़े लोगों ने यूट्यूब पर वीडियो बनाने वाले हाजी सलमान पर मारपीट और लूट के आरोप लगाए थे। इसके बाद विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी मामले में बयान दिया था। बाद में हाजी सलमान का एक कथित वीडियो सामने आया, जिसमें उसने विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद पुलिस ने उसे फरार घोषित करते हुए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। इसी बीच हिंदू रक्षा दल की ओर से राशिद अली गेट पर हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने से भी विवाद बढ़ गया था। अब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए हंगामे ने लोनी के सियासी माहौल को फिर गर्म कर दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
Read More-बस्ती में दरोगा की मौत के पीछे क्या था राज? इस गैंग का हुआ खुलासा, महिला समेत 3 गिरफ्तार







