दिवाली पर घर के लिए नया टीवी, एसी, फ्रिज या वॉशिंग मशीन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए इस बार बजट थोड़ा बढ़ सकता है। कंपनियां 1 अक्टूबर से कई इलेक्ट्रॉनिक और होम अप्लायंस की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग सामान की कीमत में करीब 3 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में त्योहार के दौरान खरीदारी करने वालों पर अतिरिक्त खर्च का असर पड़ सकता है।
AC की कीमत में हो सकती है ज्यादा बढ़ोतरी
बताया जा रहा है कि कुछ कंपनियों ने कीमत बढ़ाने की तैयारी की पुष्टि की है। इनमें ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रोनिक्स जैसे नाम शामिल हैं। कुछ कैटेगरी में कंपनियां 4 से 10 फीसदी तक दाम बढ़ा सकती हैं। AC की कीमतों में करीब 5 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी की बात सामने आई है। वहीं फ्रिज, वॉशिंग मशीन और LED TV जैसे सामान के दाम भी कुछ प्रतिशत बढ़ सकते हैं।
कंपनियों ने बताई कीमत बढ़ाने की वजह
कंपनियों के मुताबिक, सामान बनाने में इस्तेमाल होने वाले कॉपर, स्टील, एल्युमिनियम और प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की लागत बढ़ी है। इसके साथ ही सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का खर्च भी बढ़ा है। डॉलर के मुकाबले रुपये में बदलाव और पश्चिम एशिया की स्थिति का असर भी कंपनियों की लागत पर पड़ा है। इसी वजह से कंपनियां कीमतों में बदलाव करने की तैयारी कर रही हैं।
दिवाली पर पुराने दाम में मिल सकता है सामान
हालांकि ग्राहकों के लिए थोड़ी राहत की बात भी है। बाजार में पहले से मौजूद पुराना स्टॉक कुछ समय तक पुरानी कीमत पर मिल सकता है। बताया गया है कि कई डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने अगस्त और सितंबर में पुराने दाम पर सामान खरीदकर रखा है। यह स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक चल सकता है। ऐसे में दिवाली के आसपास कुछ दुकानों पर पुराने रेट में AC, TV या दूसरे सामान मिल सकते हैं, जबकि नया स्टॉक आने के बाद बढ़ी हुई कीमतें ज्यादा साफ दिखाई दे सकती हैं।
Read MOre-जिस फैसले पर मचा था बवाल, विजय सरकार ने अचानक लिया यू-टर्न; जानिए क्या हुआ







