अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार को आए 5.0 तीव्रता के भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। धरती के हिलते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान लैंडिंग करने जा रहे एक विमान को हवा में ही रोकना पड़ा। वहीं, एक ऑयल रिफाइनरी से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। भूकंप के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोगों की घबराहट साफ देखी जा सकती है।
एयरपोर्ट पर हड़कंप, लैंडिंग से ठीक पहले विमान को रोकना पड़ा
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र लॉस एंजिल्स के पास मैनहट्टन बीच के समुद्री तट के नजदीक था। शुरुआती झटकों के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। इसका असर लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। रनवे पर उतरने की तैयारी कर रहे डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान की लैंडिंग सुरक्षा कारणों से रद्द कर दी गई। एयरपोर्ट के टर्मिनल में खिड़कियां टूटने और छत का एक पैनल गिरने की भी जानकारी सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भूकंप के दौरान कुछ लोग डर के मारे जमीन पर लेट गए, जबकि कई लोग चिल्लाते और रोते नजर आए।
रिफाइनरी में आग जैसी लपटें देख सहमे लोग, कंपनी ने बताई वजह
भूकंप के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित शेवरॉन ऑयल रिफाइनरी में तेज लपटें और धुआं दिखाई दिया। इससे आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह किसी बड़ी दुर्घटना का परिणाम नहीं था, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत ऑटोमैटिक सिस्टम ने सेफ्टी फ्लेयरिंग शुरू कर दी थी। इसका उद्देश्य संभावित खतरों को नियंत्रित करना था। कंपनी के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में थी और आसपास के लोगों को तत्काल कोई खतरा नहीं था। वहीं, लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने भूकंप के बाद इमरजेंसी मोड में काम शुरू किया। 100 से ज्यादा फायर स्टेशनों की टीमों ने जमीन, हवा और समुद्र के रास्ते महत्वपूर्ण इलाकों की जांच की।
बड़े नुकसान की खबर नहीं, लेकिन आफ्टरशॉक्स को लेकर चेतावनी
भूकंप के बाद कैलिफोर्निया के अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गवर्नर के आपातकालीन सेवा विभाग ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर नुकसान का आकलन किया। शुरुआती जांच में लॉस एंजिल्स शहर के बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान मिलने की जानकारी नहीं दी गई। साथ ही, किसी के हताहत होने की भी खबर सामने नहीं आई। भूकंप विशेषज्ञ लूसी जोन्स के मुताबिक, लॉस एंजिल्स क्षेत्र में इतने बड़े झटके लंबे समय बाद महसूस किए गए हैं। गौरतलब है कि कैलिफोर्निया टेक्टोनिक प्लेटों के सक्रिय क्षेत्र में आता है, जहां भूकंप का खतरा बना रहता है। 1994 के नॉर्थरिज भूकंप ने भी इस इलाके में भारी तबाही मचाई थी। ऐसे में ताजा झटकों के बाद प्रशासन लोगों को आफ्टरशॉक्स के प्रति सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।








