समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने की चर्चा के बीच वरिष्ठ सपा नेता आजम खान ने बड़ा बयान देकर राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। उनसे जब अखिलेश के मंदिर जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अखिलेश हिंदू हैं, फिर उन्हें मंदिर जाने से कौन रोक सकता है? आजम खान ने यहां तक कहा कि अखिलेश यादव एक बार नहीं, बल्कि हजार बार मंदिर जाएं और पूजा-पाठ करें। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके यहां कहा जाता है कि जब समय आएगा, तब जाएंगे। अब राम जी ने बुलाया है तो उनके बुलावे पर जाने से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। आजम खान ने लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि भगवान से टकराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उनके इस बयान को अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
बाबरी मस्जिद और सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी रखी अपनी बात
आजम खान ने राम मंदिर के मुद्दे पर अपनी पुरानी भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बाबरी एक्शन कमेटी के संयोजक रहते हुए उन्होंने प्रस्ताव पारित कराया था कि अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला देगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। उनके मुताबिक, देश के मुसलमानों को भी अदालत के फैसले का सम्मान करना चाहिए। इसके अलावा आजम खान ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों पार्टियों के बीच किसी तरह के मतभेद से इनकार किया। आजम खान ने बताया कि अखिलेश यादव जब उनसे मिलने आए थे, तब कांग्रेस की सीटों को लेकर भी चर्चा हुई थी। उस दौरान गठबंधन को जारी रखने पर सहमति बनी थी। उन्होंने राहुल गांधी से भी अपील की कि क्षेत्रीय दलों को राजनीतिक रूप से कमजोर करने से बचना चाहिए।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी दिया बड़ा बयान
आजम खान ने मुस्लिम राजनीति और असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान मजबूती से उनके साथ खड़ा है। ओवैसी को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने राज्य में मेहनत करनी चाहिए। आजम खान ने यहां तक कहा कि अगर ओवैसी अपने प्रदेश में इतनी मेहनत करें तो मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं। वहीं, नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को उन्होंने अपना छोटा भाई बताया। आजम खान ने आरोप लगाया कि ओवैसी की राजनीति से चंद्रशेखर आजाद को नुकसान पहुंचा है। उनके इन बयानों के बाद यूपी की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खासकर अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर उनका समर्थन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Read more-अकाली दल की NDA में वापसी पर बोले PM मोदी- ‘अटल जी और बादल साहब के सपने को…’







