उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक के बाद पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए 25 सूत्रीय एजेंडा तैयार किया है। इस रणनीति के तहत बीजेपी बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ ही जातीय समीकरणों और स्थानीय प्रभावशाली लोगों पर भी विशेष ध्यान देगी। पार्टी की योजना है कि चुनाव से पहले हर विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक हालात की पूरी जानकारी जुटाई जाए। खास बात यह है कि इस बार हर बूथ पर 11 बाइकर्स और प्रत्येक विधानसभा में 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की टीम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
जातीय समीकरण से नाराज कार्यकर्ताओं तक, हर विधानसभा का जुटेगा डेटा
बीजेपी के 25 सूत्रीय एजेंडे में सबसे ज्यादा जोर स्थानीय स्तर पर मजबूत नेटवर्क तैयार करने पर है। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग जातियों की संख्या और उनके प्रभावशाली नेताओं की सूची बनाई जाएगी। इसके अलावा 100 सक्रिय महिलाओं, हर मंडल से 25 कार्यकर्ताओं और प्रत्येक बूथ से पांच वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की जानकारी जुटाई जाएगी। पार्टी नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनसे बातचीत करने की भी तैयारी में है। दूसरे राजनीतिक दलों के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं पर भी नजर रखी जाएगी। इसके साथ ग्राम प्रधानों, कारोबारियों, किसानों, शिक्षकों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक स्थलों से जुड़े प्रभावशाली लोगों का ब्योरा भी तैयार होगा।
हर बूथ पर 11 बाइकर्स, सप्ताह में एक दिन निकालेंगे यात्रा
पार्टी की रणनीति में बूथ मैनेजमेंट को सबसे अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 11 मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी, जो सप्ताह में एक बार क्षेत्र में बाइक यात्रा निकालेगी। इसके अलावा बूथ के पांच स्थानों पर कमल का चुनाव चिह्न बनवाने की योजना है। बीजेपी कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर उनसे संपर्क करने और संवाद बढ़ाने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा को भी सक्रिय किया जाएगा। सहकारी समितियों, डेयरी और अन्य संस्थाओं से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाने की तैयारी है। दलित और नए मतदाताओं के बीच भी संपर्क बढ़ाने पर जोर रहेगा।
सोशल मीडिया पर भी BJP की नजर, हर विधानसभा में 50 इन्फ्लुएंसर्स होंगे तैयार
बीजेपी के इस चुनावी ब्लूप्रिंट में सोशल मीडिया को भी बड़ी जगह दी गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची तैयार की जाएगी। पार्टी की योजना इन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय लोगों के माध्यम से अपनी बात ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर सक्रिय सामाजिक और पेशेवर समूहों से संपर्क बढ़ाया जाएगा। मथुरा की बैठक के बाद तैयार यह एजेंडा बताता है कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में केवल बड़े नेताओं और रैलियों के भरोसे नहीं रहना चाहती, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में है। अब देखना होगा कि इस माइक्रो मैनेजमेंट रणनीति का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ता है।








