महाकाल मंदिर में VIP परिवार की मनमानी? विधायक के बेटे के वायरल वीडियो के बाद मचा बवाल

Ujjain Mahakal Temple News: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में एक बार फिर VIP व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिर परिसर में मोबाइल से रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। इसमें रुद्राक्ष नीलकंठ द्वार से मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद ई-कार्ट से उन्हें आगे ले जाया जाता है। वीडियो में वह चांदी द्वार तक मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते नजर आते हैं। आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में मोबाइल और फोटोग्राफी प्रतिबंधित है, ऐसे में इस वीडियो ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रील वायरल होते ही तीन सुरक्षाकर्मियों पर गिरी गाज, कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना

वीडियो सामने आने के बाद महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने मामले की जांच कराई। जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर सुरक्षा संभालने वाली कोर कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही तीन सुरक्षाकर्मियों को नौकरी से हटा दिया गया। मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया के मुताबिक, मंदिर परिसर में फोटो और वीडियो बनाने की अनुमति नहीं है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस पूरे मामले में चर्चा इस बात को लेकर भी हो रही है कि मोबाइल से रील बनाने वाले व्यक्ति पर क्या कार्रवाई की गई।

 रुद्राक्ष शुक्ला का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है

रुद्राक्ष शुक्ला का नाम इससे पहले भी महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर विवादों में रहा है। अगस्त 2021 में कोविड प्रतिबंधों के दौरान उनके गर्भगृह के गेट तक पहुंचने की तस्वीर सामने आई थी। मार्च 2023 में भस्म आरती के दौरान उनका वीडियो भी चर्चा में आया था। वहीं, जुलाई 2025 में विधायक गोलू शुक्ला की कांवड़ यात्रा के दौरान मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भी कर्मचारियों के साथ कहासुनी की बात सामने आई थी। इन पुरानी घटनाओं के कारण ताजा वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।

संतों ने उठाए VIP व्यवस्था पर सवाल, बोले- मंदिर में सभी के लिए हों समान नियम

वीडियो वायरल होने के बाद महामंडलेश्वर शैलशानंद ने भी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि महाकाल मंदिर में आम श्रद्धालुओं और प्रभावशाली लोगों के लिए अलग-अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने मंदिर की आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने और सभी भक्तों पर समान नियम लागू करने की बात कही। अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब आम भक्त मोबाइल लेकर मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकता, तो VIP लोगों को इसकी अनुमति कैसे मिल जाती है? तीन सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई के बाद मंदिर प्रशासन की जवाबदेही और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है।

Read More-टीम इंडिया में अचानक बड़ा बदलाव! कुलदीप यादव हुए बाहर, इस तेज गेंदबाज की चमकी किस्मत; BCCI ने किया बड़ा ऐलान

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img