Home देश TMC के इस नेता की कार पर अचानक हमला! अंडे-पत्थर बरसे, ‘गो...

TMC के इस नेता की कार पर अचानक हमला! अंडे-पत्थर बरसे, ‘गो बैक’ के नारों से मचा हंगामा

कुणाल घोष की कार पर उत्तरपाड़ा में अंडे और पत्थर फेंकने का आरोप लगा है। वीडियो में ‘गो बैक’ के नारे और काले झंडे दिखे। TMC ने बीजेपी पर आरोप लगाया।

3
कुणाल घोष

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता कुणाल घोष की कार पर कथित तौर पर अंडे और पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कार को घेरकर विरोध करते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि कुणाल घोष मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने के लिए हुगली के श्रीरामपुर जा रहे थे। इसी दौरान उत्तरपाड़ा इलाके में उनकी गाड़ी को लोगों के एक समूह ने रोक लिया।

कार को घेरा और लगाए ‘गो बैक’ के नारे

घोष की ओर से साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग कार के आसपास मौजूद हैं और बोनट पर हाथ मार रहे हैं। इस दौरान ‘गो बैक’ के नारे भी सुनाई दे रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों के हाथों में काले झंडे दिखाई दिए। आरोप है कि भीड़ की ओर से कार पर अंडे और पत्थर भी फेंके गए। घटना के दौरान गाड़ी का पिछला शीशा टूटने की बात सामने आई है।

कुणाल घोष ने कहा- यह जंगलराज है

घटना के बाद कुणाल घोष ने इसे लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कार का रास्ता रोका गया और उस पर अंडे-पत्थर फेंके गए। घोष के मुताबिक, मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि वह कोलकाता लौट रहे हैं और मामले की शिकायत लाल बाजार या भवानी भवन में दर्ज कराएंगे।

TMC ने बीजेपी पर लगाया आरोप

टीएमसी नेताओं ने इस घटना के पीछे बीजेपी का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, घटना को लेकर सामने आए वीडियो में प्रदर्शन कर रहे लोगों की पहचान या हमले के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं होती है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब ममता बनर्जी की श्रीरामपुर के कोर्ट ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा को लेकर पहले कानूनी विवाद हुआ था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ सभा की अनुमति दी थी, जिसमें भीड़ की संख्या और पुलिस सुरक्षा से जुड़े निर्देश शामिल थे।

Read More-वर्दी में ड्यूटी कर रहे थे पुलिसवाले, तभी बप्पा के भजनों पर थिरकने लगे; वीडियो ने जीता लोगों का दिल