गद्दार या वीर… परिसीमन पर स्टालिन के एक बयान ने बढ़ाया सियासी पारा, राहुल गांधी की भी एंट्री

देश में परिसीमन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और डीएमके के बीच बातचीत के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राहुल गांधी को साफ संदेश दे दिया है। स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल जनता के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लिए हैं। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियां उन्हें गद्दार नहीं, बल्कि वीरों के रूप में याद करेंगी। उनके इस बयान को परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके के मजबूत रुख के तौर पर देखा जा रहा है।

राहुल गांधी के संदेश पर स्टालिन ने दिया जवाब

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के संदेश का जवाब देते हुए संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में पार्टी की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने राहुल का धन्यवाद करते हुए कहा कि डीएमके ने हर परिस्थिति में तमिलनाडु के हितों को प्राथमिकता दी है। स्टालिन ने साफ किया कि राज्य के अधिकारों और जनता के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उनके इस बयान से साफ है कि परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके अपना रुख कमजोर करने के पक्ष में नहीं है।

 राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ पहुंचे चेन्नई

परिसीमन विधेयक के विरोध में विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता चेन्नई पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वह एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संवैधानिक संशोधनों पर विपक्ष की साझा रणनीति तैयार करना है। कांग्रेस चाहती है कि डीएमके समेत सभी विपक्षी दल इस मुद्दे पर एक साथ खड़े हों और संसद में विधेयक का विरोध करें।

850 सीटों के प्रस्ताव पर राहुल गांधी ने जताई चिंता

राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव देश के लोकतांत्रिक ढांचे को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव से बीजेपी और आरएसएस को चुनावी व्यवस्था अपने राजनीतिक फायदे के अनुसार बदलने का मौका मिल सकता है। राहुल ने कहा कि राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए विपक्ष को एकजुट होकर इस प्रस्ताव का विरोध करना चाहिए।

कट्टाबोम्मन और एट्टाप्पन का उदाहरण देकर कही बड़ी बात

स्टालिन ने अपने बयान में तमिल इतिहास के दो चर्चित नामों का जिक्र किया। उन्होंने कट्टाबोम्मन को वीरता और एट्टाप्पन को विश्वासघात का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि इतिहास डीएमके के फैसलों को सही संदर्भ में याद करेगा। राजनीतिक जानकारों की नजर अब चेन्नई में होने वाली बैठक पर है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात से परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष की आगे की रणनीति तय हो सकती है।

Read More-यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा फैसला, आराधना मिश्रा समेत इन नेताओं को मिली जगह

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img