कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार (18 मार्च) को मीडिया से बातचीत में एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल तेज हो रही है और कुछ बड़ा होने वाला है। नाना पटोले का कहना है कि हालात को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि सत्ता के गलियारों में कोई नया खेल चल रहा है।
पटोले ने कहा, “शिंदे साहब की खुद की हालत खराब है। क्या परिस्थिति बीजेपी ने बनाकर रखी है, यह शिंदे साहब के रहन-सहन से सभी को पता चल रहा है। उनके मंत्री और विधायक भी इससे अवगत हैं। महाराष्ट्र में जनता को रोजमर्रा की चीजें नहीं मिल रही हैं, उद्योग बंद हो गए हैं और मीडिया पर भी दबाव बनाया जा रहा है। ऐसी परिस्थितियों में शिंदे को गंभीरता से सोचना चाहिए।”
फडणवीस और शिंदे की स्थिति पर टिप्पणी
नाना पटोले ने इस दौरान बीजेपी की रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि बीजेपी देवेंद्र फडणवीस को हटाकर एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाएगी। लेकिन जिस तरह से हालात बन रहे हैं, उससे लगता है कि कुछ बड़ा होने वाला है।”
पटोले ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक विश्लेषण करना है। उन्होंने कहा, “फडणवीस मेरे ऊपर अत्याचार करता है, ये बातें दिल्ली में बताकर कुछ नहीं होने वाला है। लेकिन जिस तरह से राजनीतिक बर्ताव चल रहा है, उससे संकेत मिलते हैं कि महाराष्ट्र में सत्ता के खेल में बदलाव संभव है।”
शिंदे का दिल्ली दौरा और पीएम से मुलाकात
बता दें कि मंगलवार (17 मार्च) को डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने दिल्ली का दौरा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के सांसद भी मौजूद थे। शिंदे ने कहा कि जब संसद का सत्र चल रहा होता है, तो वह दिल्ली आते रहते हैं।
शिंदे के इस दौरे के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, उद्धव ठाकरे गुट ने शिंदे पर निशाना साधा और कहा कि शिंदे शिवसेना के संस्थापक अमित शाह से आदेश लेने दिल्ली आते रहते हैं। इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गरम कर दिया है।
राजनीतिक हलचल और जनता पर असर
महाराष्ट्र में हाल ही में बढ़ती राजनीतिक अस्थिरता और सत्ता संघर्ष जनता के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं। नाना पटोले के दावों और शिंदे के दिल्ली दौरे ने राज्य की राजनीति में अनिश्चितता बढ़ा दी है।
इस बीच, जनता दैनिक जीवन में कई परेशानियों का सामना कर रही है। महंगाई, उद्योग बंद और रोजमर्रा की वस्तुओं की कमी के बीच राजनीतिक नेताओं के बयान और मुलाकातें आम जनता की निगाहों में हैं। राजनीतिक हलचल सिर्फ सत्ता के गलियारों तक सीमित नहीं रह रही, बल्कि यह सीधे लोगों के जीवन पर असर डाल रही है।








