बिहार की राजनीति में बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पटना के लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह पहली बार है जब बिहार में भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और पूरे समारोह में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे इस बदलाव को राजनीतिक सहमति का संकेत माना जा रहा है।
दो डिप्टी सीएम के साथ बनी नई सरकार की शुरुआत
सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। फिलहाल केवल तीन नेताओं को ही शपथ दिलाई गई है, जबकि बाकी मंत्रियों को बाद में शामिल किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, नई एनडीए सरकार में अभी 30 से अधिक मंत्री पद खाली हैं, जिनका विस्तार आने वाले दिनों में किया जाएगा। यह भी माना जा रहा है कि गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों को भी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।
शपथ से पहले पूजा और नीतीश का समर्थन बना चर्चा का केंद्र
शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी ने मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। उनके मुख्यमंत्री बनने के पीछे पूर्व सीएम नीतीश कुमार की भूमिका भी चर्चा में रही। बताया जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में खुद नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा था। इससे साफ संकेत मिलता है कि सत्ता परिवर्तन के बावजूद राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है। मंच से भी कई बार नीतीश ने सम्राट को आगे बढ़ाने के संकेत दिए थे।
‘विकास और सुशासन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे’ – सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि वह एनडीए के सभी नेताओं के विश्वास के साथ बिहार को विकास, प्रगति और सुशासन की नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में चल रहे विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की जाएगी। नई सरकार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वह अपने वादों को जमीन पर उतारे और राज्य के विकास को नई गति दे। बिहार की राजनीति में इस बदलाव को एक नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
Read More-क्या ‘देशद्रोह’ तक पहुंच गई सियासत? बंगाल रैली में राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा और विवादित हमला








