Asian Para Games 2026: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य समेत कुल 114 पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। भारत ने पिछले संस्करण के 108 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह रही कि इस बार भारतीय दल में 168 खिलाड़ी शामिल थे, जबकि 2023 में हांगझू में हुए पिछले संस्करण में भारत ने 309 खिलाड़ियों के साथ हिस्सा लिया था। पदक तालिका में चीन 204 स्वर्ण सहित 427 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। जापान 63 स्वर्ण और 185 कुल पदकों के साथ दूसरे, जबकि उज्बेकिस्तान 45 स्वर्ण और 145 कुल पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
पैरा एथलेटिक्स ने दिलाए सबसे ज्यादा मेडल
भारत की पदक तालिका में पैरा एथलेटिक्स का सबसे बड़ा योगदान रहा। इस खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य समेत कुल 65 पदक जीते। पैरा बैडमिंटन में 16 पदक भारत के खाते में आए, जिनमें तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य शामिल हैं। पैरा तैराकी में 11, पैरा टेबल टेनिस में सात और पैरा तीरंदाजी में छह पदक मिले। पैरा शूटिंग में पांच पदक आए, जबकि पैरा जूडो और पैरा पावरलिफ्टिंग में दो-दो पदक हासिल हुए। प्रतियोगिता के अंतिम दौर में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दिन में नौ स्वर्ण पदक जीते। इससे भारतीय दल की पदक संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। खास बात यह भी रही कि भारत को बैडमिंटन, तीरंदाजी और शूटिंग में मिली सफलताओं ने स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
मोना अग्रवाल, निशाद कुमार और सुमित अंतिल ने बढ़ाया देश का गौरव
एशियन पैरा गेम्स में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से खास पहचान बनाई। निशाद कुमार ने ऊंची कूद और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। मोना अग्रवाल ने पैरा शूटिंग में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड बनाया और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। सुमित अंतिल ने भाला फेंक में अपना दबदबा कायम रखा, जबकि दीप्ति जीवनजी, रिंकू, प्रणव सूरमा, दिलीप गावित और प्रवीण कुमार जैसे खिलाड़ियों ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत की उपलब्धियों में योगदान दिया। पैरा बैडमिंटन में नितेश कुमार और नवीन शिवकुमार ने भी स्वर्ण पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों की मेहनत और शानदार प्रदर्शन ने भारत को एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। 114 पदकों की यह उपलब्धि भारतीय पैरा खेलों के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों के मजबूत इरादों को दर्शाती है।
Read More-दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: नेहा बोरा की याचिका खारिज, लगा करारा झटका








